मूर्ति विसर्जन करने जा रहे लोगों को डंपर ने मारी टक्कर, दो की मौत; ग्रामीणों ने शव सड़क पर रख डेहरी-रोहतास मार्ग किया जाम
शव को रख सड़क जाम किए लोग
रामडीहरा स्टेशन के पास सड़क हादसे में दो लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने दोनों मृतकों के शव सड़क पर रखकर डेहरी-रोहतास मार्ग को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
Road Blockade: रामडीहरा स्टेशन के समीप डेहरी-रोहतास मार्ग पर शुक्रवार की शाम मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत के बाद शनिवार की अहले सुबह ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. ग्रामीणों ने दोनों मृतकों के शव सड़क पर रखकर डेहरी-रोहतास मार्ग को जाम कर दिया. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर आवागमन बाधित कर दिया. सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे रहे. घटनास्थल पर बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं. स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
पुलिस अधिकारी लगातार ग्रामीणों से वार्ता कर जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं. इधर, डेहरी एसडीएम निलेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं. प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को समझाने का प्रयास जारी है.

मूर्ति विसर्जन वाहन में डंपर ने मारी थी टक्कर
विदित हो कि शुक्रवार की शाम रामडीहरा गांव के युवक विश्वकर्मा भगवान की प्रतिमा का विसर्जन करने सोन नदी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रामडीहरा स्टेशन स्थित शिव मंदिर के समीप विसर्जन जुलूस पूजा के लिए रुका था. तभी बंजारी की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रिप-ट्रॉली डंपर ने मूर्ति विसर्जन वाहन में सीधी टक्कर मार दी.

हादसे में रामडीहरा गांव निवासी प्रमोद चंद्रवंशी के 26 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुमार और रविंद्र शर्मा के 12 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार की मौत हो गयी. हादसे के बाद से ही गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए