तुतला भवानी धाम में विकास की तैयारी तेज, उपेंद्र कुशवाहा ने किया निरीक्षण, डैम और सड़क निर्माण पर जोर
मां तुतला भवानी धाम में लघु सिंचाई विभाग द्वारा बनाए गए अर्धनिर्मित डैम का निरीक्षण करते राज्य सभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा | Prabhat Khabar Network
उपेंद्र कुशवाहा ने मां तुतला भवानी धाम का निरीक्षण किया और अर्धनिर्मित डैम के पुनर्निर्माण व क्षेत्र के विकास के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
प्रतिनिधि, इंद्रपुरी. स्थानीय प्रखंड के कैमूर पहाड़ी स्थित मां तुतला भवानी धाम में रविवार को राज्यसभा सांसद सह राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा पहुंचे. उन्होंने धाम में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर निरीक्षण किया.
अर्धनिर्मित डैम का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के क्रम में उपेंद्र कुशवाहा ने लघु सिंचाई विभाग की ओर से बनाए गये अर्धनिर्मित डैम का भी जायजा लिया. उन्होंने बताया कि मां तुतला भवानी धाम से निकलने वाली तुतराही नदी से सैकड़ों एकड़ भूमि की सिंचाई की जा सकती है. लेकिन डैम नहीं होने के कारण किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है.

डैम के पुनर्निर्माण का दिया आश्वासन
राज्यसभा सांसद ने कहा कि रामडीहरा जाने वाले रास्ते में पुल के समीप लघु सिंचाई विभाग की ओर से बनाया गया डैम अर्धनिर्मित है. इसके पुनर्निर्माण को लेकर जल्द ही लघु सिंचाई विभाग के वरीय अधिकारियों से बातचीत की जाएगी और डैम का निर्माण कराया जाएगा.
दो हाई मास्ट लाइट लगाने की योजना
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि मां तुतला भवानी धाम को और विकसित करने के उद्देश्य से हर पहलू पर विचार किया जा रहा है. तत्काल महोत्सव स्थल और मां तुतला भवानी गेट पर दो हाई मास्ट लाइट लगायी जाएंगी.
तिलौथू से धाम तक सड़क का होगा चौड़ीकरण
उन्होंने बताया कि तिलौथू से मां तुतला भवानी धाम तक सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा. इससे धाम तक पहुंचने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है.
धाम में मत्था टेककर मांगी सुख-समृद्धि
निरीक्षण के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने मां तुतला भवानी धाम में मत्था टेका और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की. इस दौरान न्यास समिति के अध्यक्ष गुरुचरण यादव और सचिव धर्मेंद्र सिंह ने उन्हें माता रानी की चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया.

मरीन ड्राइव की तर्ज पर सड़क और पर्यटन विकास पर चर्चा
इसके बाद उपेंद्र कुशवाहा ने इंद्रपुरी से तिलौथू और सरैया सोन तट पर मरीन ड्राइव की तर्ज पर सड़क निर्माण तथा पर्यटन विकास को लेकर चर्चा की. धौदाढ़ में मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए जमीन की उपलब्धता को लेकर सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर के साथ बैठक भी की गयी. इस दौरान उन्होंने इस दिशा में अविलंब काम शुरू करने का निर्देश दिया.
मांझर कुंड में भी पर्यटन विकास का लिया जायजा
उपेंद्र कुशवाहा ने मांझर कुंड में भी पर्यटन को विकसित करने के उद्देश्य से निरीक्षण किया. इस दौरान क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को लेकर जानकारी ली गयी.
ये लोग रहे मौजूद
मौके पर रालोमो के जिला अध्यक्ष कपिल कुमार कुशवाहा, रालोमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन वैश्य, वनकर्मी सतानंद कुमार, मां तुतला भवानी धाम न्यास समिति के अध्यक्ष गुरुचरण यादव, सचिव धर्मेंद्र सिंह समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे.
ALSO READ : बक्सर के प्रतीक राय ने बढ़ाया शहर का मान, Trackshift Innovation Challenge में टीम सिनैप्स बनी उपविजेता
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए