बक्सर के प्रतीक राय ने बढ़ाया शहर का मान, Trackshift Innovation Challenge में टीम सिनैप्स बनी उपविजेता
विजेता टीम | Prabhat Khabar Network
बक्सर के प्रतीक राय ने ट्रैकशिफ्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 में दूसरा स्थान हासिल कर शहर का नाम रोशन किया। उन्हें ब्रिटेन जाने का मौका मिलेगा।
बक्सर के सिविल लाइन निवासी प्रतीक राय ने अपनी प्रतिभा से शहर का नाम रोशन किया है. प्लाक्षा विश्वविद्यालय, मोहाली में आयोजित Trackshift Innovation Challenge 2026 में प्रतीक की टीम सिनैप्स ने दूसरा स्थान हासिल किया. वाईसीसीई, नागपुर की इस टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार मिला.
3600 प्रतिभागियों के बीच टीम ने दिखाया दम
प्रतियोगिता में देशभर से करीब 3600 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था. विभिन्न चरणों के बाद 80 टीमों का चयन हुआ. इन टीमों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में प्रतीक राय और उनकी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. टीम सिनैप्स की अगुआई दिशत घुगे ने की. प्रतीक समेत टीम के अन्य सदस्यों ने तकनीक और मोटरस्पोर्ट्स इंजीनियरिंग से जुड़े अपने विचार प्रस्तुत किए.
टीजीआर हास एफ1 के सहयोग से हुआ आयोजन
Trackshift Innovation Challenge 2026 का आयोजन टीजीआर हास एफ1 टीम, एमफैसिस और हैककल्चर के सहयोग से किया गया. प्रतियोगिता का कुल पुरस्कार 1.75 लाख रुपये था. इसमें विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी क्षमता और रचनात्मक सोच दिखाने का अवसर मिला. टीम सिनैप्स के प्रदर्शन के आधार पर उसे उपविजेता घोषित किया गया.
विजेताओं को ब्रिटेन में मिलेगा सीखने का मौका
प्रतियोगिता के विजेताओं को ब्रिटेन के ब्रैनबेरी स्थित टीजीआर हास एफ1 सुविधा केंद्र की पूरी तरह प्रायोजित यात्रा कराई जाएगी. वहां विद्यार्थी फॉर्मूला वन और मोटरस्पोर्ट्स इंजीनियरिंग की बारीकियां सीखेंगे. इससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक और इंजीनियरिंग समझने का अवसर मिलेगा.
प्रतीक बचपन से रहे हैं मेधावी
प्रतीक राय मौजूदा समय में महाराष्ट्र के औरंगाबाद में रहते हैं. वह मूल रूप से बक्सर के सिविल लाइन के निवासी हैं. उनके पिता राजीव राय रेलवे में अधिकारी हैं और माता बीना राय गृहिणी हैं. बचपन से ही मेधावी रहे प्रतीक ने 10 से अधिक अलग-अलग प्रतियोगिताओं में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया है.
सफलता से परिवार और बक्सर में खुशी
Trackshift Challenge में मिली सफलता प्रतीक राय की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ गयी है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार और बक्सर के लोगों में खुशी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए