बाइक के नंबर पर भेज दिया कार का चालान, तीन साल से विभाग का चक्कर काट रहा पीड़ित
सासाराम में परिवहन विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां एक बाइक मालिक को कार का चालान भेज दिया गया। पीड़ित तीन साल से न्याय के लिए भटक रहा है।
Sasaram News : सासाराम जिले में परिवहन विभाग की लापरवाही का अनोखा मामला सामने आया है. सदर प्रखंड के मोकर गांव निवासी पवन कुमार की बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर पर कार का चालान भेज दिया गया. करीब तीन वर्ष पहले मोबाइल पर चालान का मैसेज मिलने के बाद पवन कुमार ने जब चालान की कॉपी निकलवायी, तो उसमें उनकी बाइक की जगह कार की तस्वीर देखकर हैरान रह गये. दो हजार रुपये का चालान भेजे जाने के बाद से वे लगातार इसे निरस्त कराने के लिए विभाग के चक्कर लगा रहे हैं.
बाइक घर में खड़ी थी, फिर भी कट गया चालान
पवन कुमार के अनुसार उनके पास सिर्फ एक पल्सर बाइक है और वे सामान्य परिवार से ताल्लुक रखते हैं. करीब तीन वर्ष पहले उनके मोबाइल पर परिवहन विभाग की ओर से दो हजार रुपये के चालान का मैसेज आया. अगले दिन उन्होंने साइबर कैफे से चालान की कॉपी निकलवायी, तो उसमें उनकी बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ कार की तस्वीर लगी हुई थी. उन्होंने बताया कि जिस दिन चालान काटा गया, उस दिन उनकी बाइक पूरे दिन घर पर ही खड़ी थी.
तीन वर्षों से विभाग का लगा रहे चक्कर
परिवहन विभाग की इस चूक के बाद पवन कुमार पिछले तीन वर्षों से मानसिक परेशानी झेल रहे हैं. उनका कहना है कि चालान को निरस्त कराने के लिए वे यातायात थाना से लेकर परिवहन विभाग तक कई बार चक्कर लगा चुके हैं. इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है. गलत चालान के कारण उन्हें लगातार विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
लोक अदालत में भी नहीं मिली राहत
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में वाहनों के ट्रैफिक चालान से जुड़े मामलों के निष्पादन के लिए शनिवार को जिला परिवहन कार्यालय में तीन बेंच का गठन किया गया था. पवन कुमार भी अपने मामले के समाधान की उम्मीद लेकर वहां पहुंचे थे, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा. उन्होंने कहा कि तीन वर्षों से विभाग की गलती का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है और अब वे मानसिक रूप से काफी परेशान हो चुके हैं.
ऑनलाइन चालान में गड़बड़ी से वाहन मालिक परेशान
बताया जाता है कि ऑनलाइन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से वाहनों के चालान काटे जा रहे हैं. ऐसे में वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर और तस्वीर के मिलान में गड़बड़ी होने पर गलत वाहन मालिकों के पास चालान पहुंचने की समस्या सामने आ रही है. इससे वाहन मालिकों को बिना किसी गलती के विभागीय कार्यालयों और थानों का चक्कर लगाना पड़ रहा है.
मामले की जानकारी से अधिकारी अनजान
इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें इस मामले की किसी प्रकार की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि मामला सामने आने के बाद ही इसकी जानकारी मिल सकेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए