गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय में दीक्षारम्भ 2026 का समापन, नव प्रवेशी छात्रों को दी गयी शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी
गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमुहार में दीक्षारम्भ समापन कार्यक्रम का उद्घाटन करते गोपाल नारायण सिंह, अतिथि एवं अन्य. | Prabhat Khabar Network
Sasaram News : गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमुहार में 'दीक्षारम्भ 2026' कार्यक्रम नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत और परिचय के लिए आयोजित किया गया. कार्यक्रम में शैक्षणिक व्यवस्था, साइबर सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया गया.
Sasaram News : गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमुहार में नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत और उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित दीक्षारम्भ 2026 कार्यक्रम का मंगलवार को समापन हुआ. कार्यक्रम के दौरान नव प्रवेशी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था के साथ परीक्षा, छात्रावास, साइबर सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, लैंगिक संवेदनशीलता, अनुशासन और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध विभिन्न सहायता सुविधाओं की जानकारी दी गयी.
नव प्रवेशी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए दिया मार्गदर्शन
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह, सलाहकार प्रो. डॉ. महेंद्र कुमार सिंह, प्रबंध निदेशक सह विधायक, औरंगाबाद त्रिविक्रम नारायण सिंह, कुलसचिव डॉ. कुमार आलोक प्रताप, अकादमिक निदेशक एवं परीक्षा नियंत्रक सुदीप कुमार सिंह तथा रोहतास साइबर क्राइम के उपाधीक्षक गौरव कुमार ने मंच साझा किया. अतिथियों ने नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनके शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य को लेकर मार्गदर्शन दिया.
अनुशासन और अच्छे संस्कार के साथ आगे बढ़ने की अपील
कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे विश्वविद्यालय की गरिमा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ उच्च शिक्षा की यात्रा शुरू करें. उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, जिम्मेदारी और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने के लिए प्रेरित किया.
प्रबंध निदेशक सह विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और विश्वविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की सलाह दी. उन्होंने शिक्षा को रोजगार और उद्यमिता से जोड़कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव की दी जानकारी
रोहतास साइबर क्राइम के उपाधीक्षक गौरव कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक किया. उन्होंने फर्जी लिंक, ओटीपी और पासवर्ड की सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत करने के तरीकों की जानकारी दी. उन्होंने छात्रों से डिजिटल दुनिया में सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया.
Also Read : रोहतास के इटिम्हॉ में दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण को लेकर हुआ भूमि पूजन, तैयारियां शुरू
छात्रावास, मानसिक स्वास्थ्य और लैंगिक संवेदनशीलता पर भी चर्चा
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह उपस्थित रहे. छात्रावास अधीक्षक प्रो. आशुतोष द्विवेदी, आईआईसी समन्वयक डॉ. रणजीत, आईसीसी अध्यक्ष डॉ. श्वेता शर्मा, रैगिंग निषेध समिति के अध्यक्ष डॉ. मणिकांत कुमार, मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार और छात्र कल्याण डीन डॉ. आलोक कुमार ने भी विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर संबोधित किया.
Also Read : सासाराम में हरतालिका तीज पर सोलह श्रृंगार के साथ सेल्फी का क्रेज, सोशल मीडिया पर छाईं तीज की तस्वीरें
विभिन्न संकायों के शिक्षकों ने की सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. ललितेश्वर प्रताप सिंह तथा सह-संयोजक डॉ. मयंक राय और वेदांत प्रजापति रहे. प्रथम सत्र का मंच संचालन कृषि संकाय की डॉ. ज्योति तथा द्वितीय सत्र का मंच संचालन फार्मेसी संकाय के डॉ. आयुष ने किया.
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं विभागों के डीन, डायरेक्टर्स, प्राचार्य, उप-प्राचार्य, सह-आचार्य एवं सहायक आचार्यों ने सक्रिय सहभागिता की.
Also Read : सासाराम: नगर निगम चुनाव में जन सुराज की एंट्री से बदले सियासी समीकरण, वार्ड से मेयर तक बढ़ी हलचल
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए