रोहतास में सोन नदी का जलस्तर बढ़ा, तटीय गांवों में हाई अलर्ट, प्रशासन ने माइकिंग कर दी चेतावनी
सोन नदी का बढ़ा जलस्तर | Prabhat Khabar Network
सोन नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नासरीगंज प्रशासन ने तटीय गांवों का निरीक्षण किया और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। बाढ़ से निपटने की पूरी तैयारी है।
नासरीगंज. लगातार हो रही बारिश के कारण प्रखंड क्षेत्र में सोन नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने की सूचना मिली है. इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सोन तटीय इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया है. प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
आपके शहर में
सीओ ने तटीय गांवों का किया निरीक्षण
अंचलाधिकारी अंचला कुमारी ने सोन तट से सटे हरिहरगंज, पड़ुरी, सबदला, जमालपुर, महादेवा, अमियावर सहित अन्य गांवों का निरीक्षण किया. इस दौरान सोन नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई. प्रशासन की ओर से माइकिंग कर लोगों को नदी के पास नहीं जाने की चेतावनी दी जा रही है.
सोन के डिले में खेती करने वालों पर बढ़ा संकट
सोन नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी के डिले क्षेत्र में खेती करने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है. इससे पहले 5 अगस्त को सोन नदी के डिले में बाढ़ के पानी के बीच कई लोग फंस गए थे. बाद में एसडीआरएफ की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया था.
जलस्तर बढ़ा तो सुरक्षित स्थानों पर भेजे जाएंगे लोग
सीओ अंचला कुमारी ने कहा कि जैसे-जैसे सोन नदी का जलस्तर बढ़ेगा, प्रशासन स्थिति की लगातार निगरानी करेगा. तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई है.
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए स्कूलों में व्यवस्था
अंचलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है. अतिमी पंचायत के मध्य विद्यालय महादेवा और कैथी पंचायत के मध्य विद्यालय कच्छवा में सोन तटीय इलाके के लोगों के रहने और भोजन की व्यवस्था की गई है. जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को यहां सुरक्षित रखा जाएगा.

नाव और गोताखोरों की भी की गई व्यवस्था
प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य के लिए गोताखोरों और नाव की व्यवस्था भी की गई है. बाढ़ की स्थिति में किसी व्यक्ति के फंसने पर तत्काल बचाव अभियान चलाया जा सकेगा. प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की है.
इन गांवों पर बाढ़ का रहता है असर
सोन नदी में बाढ़ आने पर पड़ूरी, अमियावर, भरकोल, हरिहरगंज, महादेवा, मंगराव, खिरियांव, कैथी, कच्छवां और सवारी सहित कई गांव प्रभावित होते हैं. इन इलाकों में प्रशासन की विशेष निगरानी रखी जा रही है.
फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है जलस्तर
प्रशासन के अनुसार, फिलहाल सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है. हालांकि लगातार बारिश को देखते हुए तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति बिगड़ने पर लोगों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
गया के डोभी में फरार चल रहे दो आरोपी गिरफ्तार, अलग-अलग मामलों में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए