रोहतास: सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा दिनारा
भव्य तरीके से सजाया गया मंदिर | Prabhat Khabar Network
सावन माह की अंतिम सोमवारी पर प्रखंड क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. भक्तों ने जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. दिनारा थाना परिसर का शिव मंदिर भी आकर्षक रोशनी से सजाया गया था.
Rohtas News: सावन माह की अंतिम सोमवारी के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र समेत सभी ग्रामीण इलाकों के शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. अहले सुबह से ही शिव मंदिरों में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गयीं. भक्तों ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर जल, दूध, गंगाजल, बेलपत्र और फूल अर्पित कर जलाभिषेक किया.
आपके शहर में
दिनारा थाना परिसर का शिव मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी से सजा
अंतिम सोमवारी के अवसर पर दिनारा थाना परिसर स्थित शिव मंदिर को फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य तरीके से सजाया गया था. मंदिर की आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही. मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की आवाजाही लगी रही और ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखने को मिला.
रात से ही शिवालयों की ओर बढ़ते रहे कांवरिये
अंतिम सोमवारी को लेकर रविवार की रात से ही गंगा घाटों से जल लेकर कांवरियों और आम भक्तों का शिवालयों की ओर तांता लगा रहा. पूरी रात क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा. सुबह होते ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ गयी. भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की.
महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. मंदिरों में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था की गयी थी, ताकि सभी को सुगमता से दर्शन और जलाभिषेक का अवसर मिल सके. प्रशासन और स्थानीय लोगों की सक्रियता से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से पूजा-अर्चना कराने का प्रयास किया गया.
आयुष्मान और प्रीति योग को लेकर विशेष पूजा-अर्चना
इस बार सावन की अंतिम सोमवारी पर आयुष्मान और प्रीति योग जैसे दुर्लभ संयोग बनने से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा. भक्तों ने इस अवसर पर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति के लिए विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और महामृत्युंजय जाप किया. पूरे क्षेत्र में दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए