रोहतास: अंतिम सोमवारी पर गंगेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़, ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजा परिसर
गंगेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सावन की अंतिम सोमवारी पर गंगेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. हजारों श्रद्धालुओं ने बक्सर से गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर मंगलकामना की. पूरा परिसर 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंज उठा.
Gangeshwar mahadev mandir: सावन महीने की अंतिम सोमवारी के अवसर पर नगर पंचायत के सासाराम-चौसा पथ स्थित गंगवलिया वन के गंगेश्वर महादेव मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किये गये थे.
आपके शहर में
बक्सर से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवरिये
कोचस, ओझवलिया, हरिहर डिहरा, सारोशेर, तेतरियां, चंवरी, बलथरी समेत आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों श्रद्धालु बक्सर से कांवर यात्रा कर पतित पावनी गंगा का जल लेकर मंदिर पहुंचे. श्रद्धालुओं ने गंगाजल से भगवान महादेव का जलाभिषेक कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
आसपास के गांवों की सैकड़ों महिला श्रद्धालु भी सुबह से ही मंदिर परिसर में कतारबद्ध होकर जलाभिषेक करती रहीं. इस दौरान हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा.
शिवालयों में हुआ रुद्राभिषेक
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित अन्य शिवालयों में भी अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना की. भक्तों ने भगवान शिव से मनवांछित फल की कामना की. पूरे क्षेत्र में सुबह से ही भक्ति का माहौल बना रहा. मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही के कारण आसपास के इलाकों में भी चहल-पहल रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए