रोहतास: पहली बारिश में राम रूप स्टेडियम जलमग्न, खिलाड़ियों में नाराजगी, व्यवस्था पर उठे सवाल

स्टेडियम गोड़ारी में जल जमाव को दिखाते कोच कुलबुल सोनी
रोहतास के काराकाट में राम रूप स्टेडियम पहली ही बारिश में तालाब बन गया, जिससे खिलाड़ियों की नियमित प्रैक्टिस पूरी तरह ठप हो गई है। प्रशासन द्वारा जल निकासी की व्यवस्था न करने से खिलाड़ियों के मनोबल पर असर पड़ रहा है।
Sasaram News : रोहतास के काराकाट प्रखंड व नगर पंचायत काराकाट का एकमात्र प्रमुख खेल मैदान राम रूप स्टेडियम रविवार को पहली ही बारिश में पूरी तरह जलमग्न हो गया. मैदान का नजारा किसी खेल परिसर के बजाय तालाब जैसा दिखने लगा, जिससे खिलाड़ियों की नियमित प्रैक्टिस पूरी तरह ठप हो गई है.
खिलाड़ियों की प्रैक्टिस पर लगा ब्रेक
स्टेडियम में अभ्यास करने वाले रोशनजीत ने बताया कि पहली बारिश में ही पूरा मैदान पानी से भर गया, जिससे अभ्यास बंद करना पड़ा. उन्होंने कहा कि इस स्थिति से खिलाड़ियों का मनोबल टूट रहा है और इसकी शिकायत कोच से भी की गई है.
क्रिकेट कोच कुलबुल सोनी ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि पिछले वर्ष ही प्रशासन को जल निकासी और मिट्टी भराई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
Ram Roop Stadium Flooded : पहले भी दिए गए थे निर्देश
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले वर्ष तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात कुमार और तत्कालीन एसडीपीओ संकेत कुमार ने स्वयं स्टेडियम का निरीक्षण किया था. उस समय नगर प्रशासन को बारिश से पहले जल निकासी की व्यवस्था करने और मिट्टी भराई कराने के निर्देश दिए गए थे.
इसके बावजूद आज तक समस्या का समाधान नहीं किया जा सका, जिससे इस वर्ष भी वही स्थिति बनी हुई है.
नगर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत काराकाट द्वारा बरसात से पहले कोई ठोस तैयारी नहीं की गई. नगरवासियों का कहना है कि यह क्षेत्र का एकमात्र प्रमुख खेल मैदान है और इसकी ऐसी स्थिति से बच्चों व युवाओं का खेल के प्रति उत्साह प्रभावित हो रहा है.
लोगों ने यह भी कहा कि नगर पंचायत का कार्यकाल चार वर्ष पूरा होने को है, लेकिन खिलाड़ियों के लिए बुनियादी सुविधाएं तक विकसित नहीं हो सकीं.
प्रशासनिक कार्यालय पास, फिर भी अनदेखी
गौरतलब है कि स्टेडियम के समीप ही प्रखंड मुख्यालय, थाना सहित कई प्रशासनिक कार्यालय मौजूद हैं, इसके बावजूद इस गंभीर समस्या की लगातार अनदेखी की जा रही है.
स्थायी समाधान की मांग
नगरवासियों, खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी, मिट्टी भराई और स्थायी समाधान की मांग की है.
हालांकि इस संबंध में नगर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










