रोहतास: नोखा व्यापार मंडल चुनाव को लेकर बाजार में बढ़ी हलचल, दावेदारों के समर्थन में जुटने लगे व्यापारी
AI से बनाई गई तस्वीर
नोखा व्यापार मंडल चुनाव को लेकर व्यापारियों में उत्साह, चाय-पान की दुकानों पर चुनावी समीकरणों और संभावित उम्मीदवारों पर हो रही है गहन चर्चा।
Rohtas News : रोहतास जिला के नोखा व्यापार मंडल अध्यक्ष के चुनाव को लेकर बाजार में सियासी हलचल तेज हो गयी है. चुनाव की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन संभावित दावेदारों और उनके समर्थन को लेकर व्यापारियों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. बाजार की चाय और पान की दुकानों पर व्यापारी घंटों चुनावी समीकरण पर मंथन करते नजर आ रहे हैं.
आपके शहर में
पसंदीदा उम्मीदवार के समर्थन में लामबंदी
व्यापारियों के बीच कौन मैदान में उतरेगा, किस उम्मीदवार को अधिक समर्थन मिलेगा और किसके पक्ष में माहौल बन रहा है, इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाये जा रहे हैं. कई व्यापारी अपने पसंदीदा उम्मीदवार के समर्थन में दूसरे दुकानदारों से संपर्क साध रहे हैं. वहीं संभावित दावेदार भी व्यापारियों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं.
बाजार की समस्याएं भी बन रही चुनावी मुद्दा
नोखा बाजार में चल रही चुनावी चर्चाओं के बीच व्यापारियों की समस्याएं भी प्रमुखता से उठ रही हैं. दुकानदारों का कहना है कि व्यापार मंडल को मजबूत और सक्रिय बनाकर बाजार से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जरूरत है. चाय की चुस्की और पान की पीक के साथ व्यापारी संभावित उम्मीदवारों की जीत-हार के समीकरण भी जोड़ रहे हैं.
आधिकारिक घोषणा के बाद साफ होगी तस्वीर
हालांकि अभी किसी उम्मीदवार की दावेदारी आधिकारिक रूप से सामने नहीं आयी है, लेकिन व्यापार मंडल चुनाव ने बाजार की राजनीति को जरूर गरमा दिया है. आने वाले दिनों में संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ने के साथ मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है.
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी शेफाली ने बताया कि व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के चुनाव की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. चुनाव की तिथि और कार्यक्रम जारी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल चुनाव को लेकर किसी तरह की आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए