रोहतास में पंचायत चुनाव की हलचल तेज, आरक्षण सूची से पहले ही संभावित प्रत्याशियों ने शुरू किया जनसंपर्क

Updated:
विज्ञापन
नोखा में मुखिया चुनाव को लेकर बढ़ी हलचल, रोस्टर का इंतजार

फोटो प्रखंड मुख्यालय सह अंचल कार्यालय नोखा | Prabhat Khabar Network

नोखा प्रखंड में पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है. संभावित उम्मीदवार आरक्षण रोस्टर के प्रकाशन से पहले ही मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं. रोस्टर जारी होने के बाद चुनावी समीकरण साफ होंगे.

विज्ञापन

Rohtas Nokha Panchayat Election Reservation Roster : रोहतास जिले के नोखा प्रखंड में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. मुखिया पद के संभावित प्रत्याशियों ने गांव-गांव जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है. हालांकि, मुखिया पद के आरक्षण रोस्टर का प्रकाशन अभी तक नहीं होने से चुनावी तस्वीर साफ नहीं हो सकी है. ऐसे में प्रत्याशियों और मतदाताओं की निगाहें जिला प्रशासन की ओर टिकी हुई हैं.

Rohtas News : आरक्षण सूची से पहले ही सक्रिय हुए संभावित उम्मीदवार

पंचायतों में संभावित मुखिया प्रत्याशी लगातार लोगों से संपर्क कर रहे हैं. सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी सक्रियता बढ़ गई है. वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधि भी अपने-अपने चुनावी समीकरण मजबूत करने में जुटे हैं ताकि रोस्टर जारी होने के बाद तुरंत चुनावी रणनीति पर काम शुरू किया जा सके.

रोस्टर तय करेगा किस पंचायत में कौन लड़ सकेगा चुनाव

संभावित उम्मीदवारों का कहना है कि आरक्षण रोस्टर जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि किस पंचायत का मुखिया पद सामान्य, महिला, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग या अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होगा. इसी वजह से कई दावेदार फिलहाल असमंजस की स्थिति में हैं.

बदल सकते हैं चुनावी समीकरण

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आरक्षण सूची जारी होने के बाद कई पंचायतों में चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं. कुछ पुराने दावेदार मैदान से बाहर हो सकते हैं, जबकि कई नए चेहरे चुनावी मुकाबले में उतर सकते हैं.

प्रशासन ने चुनावी तैयारियां की तेज

प्रखंड कार्यालय में मतदाता सूची के अद्यतन, मतदान केंद्रों के सत्यापन और अन्य प्रशासनिक तैयारियों का कार्य तेजी से चल रहा है. प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ शेफाली ने बताया कि मुखिया पद के आरक्षण रोस्टर का निर्धारण जिला स्तर पर किया जा रहा है. रोस्टर प्राप्त होते ही उसका प्रकाशन कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जा रही हैं.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन