सासाराम : नोखा में सड़क पर अतिक्रमण का राज, रक्षाबंधन पर काली मंदिर पहुंचना होगा मुश्किल
नोखा बस स्टैंड स्थित काली मंदिर के समीप मुख्य बाजार में सड़क तक फैला अतिक्रमण
नोखा बस स्टैंड और काली मंदिर के पास बढ़ते अतिक्रमण से रक्षाबंधन पर श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन से कार्रवाई की मांग।
नोखा बस स्टैंड स्थित काली मंदिर के समीप मुख्य बाजार में अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है. अधिकारियों के निर्देश और चेतावनी के बावजूद सड़क और फुटपाथ पर दुकानदारों का कब्जा बरकरार है. रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजार में भीड़ बढ़ने की संभावना है. ऐसे में काली मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है.
आपके शहर में
सड़क तक फैला दुकानदारों का सामान
मुख्य बाजार में कई दुकानदारों ने सड़क किनारे सामान फैलाकर अपनी दुकानों का दायरा बढ़ा लिया है. कई जगह फुटपाथ पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में है. इससे पैदल चलने वाले लोगों को सड़क पर होकर गुजरना पड़ता है. वाहनों की आवाजाही के बीच जाम की स्थिति भी बन रही है.
पर्व पर महिलाओं और बुजुर्गों को होगी परेशानी
रक्षाबंधन के दौरान काली मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. अतिक्रमण के कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो सकती है. स्थानीय लोगों को पर्व के दौरान जाम और अव्यवस्था की चिंता सता रही है.
आदेश के बाद भी नहीं हट रहा अतिक्रमण
स्थानीय लोगों चौधरी जय प्रकाश सिंह, प्रितम पटेल, रोशन कुमार, अमित कुमार और मनीष कुमार ने कहा कि अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर परिषद और प्रशासन की ओर से समय-समय पर आदेश जारी किए जाते हैं. इसके बावजूद कुछ दिनों बाद फिर से सड़क पर कब्जा हो जाता है. लोगों का सवाल है कि आदेश के बाद भी सड़क खाली नहीं होती, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है.
रक्षाबंधन से पहले अभियान चलाने की मांग
काली मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष मनोज केशरी उर्फ पिंटू, बोलबम केशरी समेत अन्य लोगों ने रक्षाबंधन से पहले काली मंदिर के आसपास विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त कराने से श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान परेशानी नहीं होगी.
नगर परिषद ने कार्रवाई का दिया भरोसा
नगर परिषद सभापति राधेश्याम सिंह ने कहा कि अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद गंभीर है. पर्व को देखते हुए काली मंदिर और बस स्टैंड के आसपास व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया गया है.
दोबारा अतिक्रमण मिलने पर होगी कार्रवाई
नगर परिषद के सिटी मैनेजर प्रवीण कुमार ओझा ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले अतिक्रमण हटाने को लेकर कार्रवाई की गयी थी. दुकानदारों को सड़क खाली रखने की हिदायत भी दी गयी थी. उन्होंने कहा कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
बक्सर: तिरंगे में लिपटकर गांव पहुंचा CRPF जवान अयूब अंसारी का पार्थिव शरीर, नम आंखों से दी अंतिम विदाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए