रोहतास: करगहर राजवाहा का तटबंध टूटा, सड़क पर बह रहा पानी, हादसों का बढ़ा खतरा

Updated:
विज्ञापन
राजवाहा का तटबंध क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर बह रहा राजवाहा का पानी | Prabhat Khabar Network

राजवाहा का तटबंध क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर बह रहा राजवाहा का पानी | Prabhat Khabar Network

रोहतास के करगहर में राजवाहा का तटबंध वर्षों से क्षतिग्रस्त है, जिससे पानी सड़क पर बह रहा है. ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है, जिससे सड़क टूटने और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है.

विज्ञापन

Rohtas News : रोहतास जिला के करगहर राजवाहा का तटबंध कई स्थानों पर वर्षों से क्षतिग्रस्त है. ग्रामीणों का आरोप है कि सिंचाई विभाग की उपेक्षा के कारण अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है. तटबंध टूटने से राजवाहा का पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है.

पांडेय पुल से मलिया बगीचा तक सड़क पर बह रहा पानी

ग्रामीणों के अनुसार राजवाहा में जलस्तर बढ़ते ही करगहर पांडेय पुल से मलिया बगीचा तक सासाराम चौथा पथ पर पानी बहने लगता है. लगातार पानी बहने से सड़क की स्थिति खराब हो रही है और हर वर्ष सड़क विभाग को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है.

दोपहिया चालकों के लिए बना खतरा, कई लोग हो चुके हैं घायल

सड़क पर पानी भरने और बहाव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में दर्जनों लोग फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं और कई लोगों को लंबे समय तक घर बैठना पड़ा.

ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि तटबंध की मरम्मत को लेकर कई बार करगहर स्थित सिंचाई विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. उनका आरोप है कि विभाग की उदासीनता के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है.

तटबंध के साथ राजवाहा की सफाई भी नहीं होने से बढ़ी समस्या

ग्रामीणों ने बताया कि तटबंध के क्षतिग्रस्त होने के अलावा वर्षों से राजवाहा की नियमित सफाई नहीं हुई है. नहर में जमी सिल्ट के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है, जिससे पानी का दबाव बढ़ने पर वह सड़क पर फैल जाता है.

मरम्मत पर खर्च के दावे, लेकिन जमीनी हकीकत अलग

ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तटबंधों की मरम्मत पर लाखों रुपये खर्च होने का दावा करते हैं, लेकिन मौके पर टूटे तटबंध और जर्जर स्थिति उन दावों की पोल खोल रही है.

एसडीओ से नहीं हो सका संपर्क

इस मामले में सिंचाई विभाग का पक्ष जानने के लिए एसडीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला. ऐसे में इस संबंध में विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन