रोहतास: कदवा-मौडीहा में ग्रामीणों का बड़ा संकल्प, न शराब बिकेगी और न खुले में होगा शौच
फोटो : कदवा-मौडीहा गांव में ग्राम सभा के दौरान नशामुक्ति और स्वच्छता की शपथ लेते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
नोखा के कदवा-मौडीहा गांव में ग्रामीणों ने ग्राम सभा कर शराबबंदी और स्वच्छता का संकल्प लिया। जानिए कैसे ग्रामीण सामाजिक बदलाव की दिशा में बढ़ा रहे हैं कदम।
Rohtas News : नोखा प्रखंड के सीसीरता ओपी अंतर्गत कदवा-मौडीहा गांव में रविवार को ग्रामीणों ने सामाजिक बदलाव की दिशा में सामूहिक पहल की. गांव में आयोजित ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि गांव में न तो शराब की बिक्री होने देंगे और न ही इसका सेवन करेंगे. इसके साथ ही खुले में शौच की प्रथा को पूरी तरह समाप्त करने और गांव को स्वच्छ रखने की भी सामूहिक शपथ ली गयी.
आपके शहर में
शराब के खिलाफ ग्रामीणों ने उठायी आवाज
ग्राम सभा में ग्रामीणों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि शराब का सेवन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इससे परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक माहौल पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है. शराब के कारण कई परिवारों में विवाद और तनाव की स्थिति उत्पन्न होती है. ग्रामीणों ने गांव को नशे की बुराई से मुक्त कराने के लिए मिलकर प्रयास करने का संकल्प लिया.
न शराब बेचेंगे, न सेवन करने देंगे
ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से संकल्प लिया कि वे शराब के कारोबार या सेवन को बढ़ावा नहीं देंगे. गांव में यदि कोई व्यक्ति शराब बेचने या इसका सेवन करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठायी जायेगी. ग्रामीणों ने अपने बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को भी नशे से दूर रखने और जागरूक करने का निर्णय लिया.
खुले में शौच पर लगेगी पूरी तरह रोक
ग्राम सभा में स्वच्छता को लेकर भी विशेष चर्चा हुई. ग्रामीणों ने प्रत्येक परिवार में शौचालय का उपयोग सुनिश्चित करने और खुले में शौच की प्रथा को पूरी तरह समाप्त करने का संकल्प लिया. लोगों से घरों के साथ-साथ गलियों और सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखने की अपील की गयी.
कूड़ा नहीं फेंकने और स्वच्छ वातावरण का संकल्प
ग्रामीणों ने गांव में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने, कूड़ा इधर-उधर नहीं फेंकने और सार्वजनिक स्थानों को गंदगी से मुक्त रखने का निर्णय लिया. लोगों ने कहा कि स्वच्छ गांव और नशामुक्त समाज के निर्माण में केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण की भागीदारी जरूरी है.
जनप्रतिनिधि और पुलिस ने किया जागरूक
ग्राम सभा में कदवा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राकेश कुमार, सीसीरता ओपी अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और विकास मित्र मौजूद रहे. उन्होंने ग्रामीणों को नशामुक्ति, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया. ग्रामीणों की सामूहिक पहल से गांव में सामाजिक बदलाव को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए