रोहतास: कैमूर पहाड़ी पर लगातार बारिश से नदियां और झरने उफान पर, सीता कुंड में बाढ़ जैसे हालात; वन विभाग ने गुप्ता धाम मार्ग किया बंद
बारिश के बाद गुप्ता धाम मार्ग बंद | Prabhat Khabar Network
कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में भारी बारिश ने नदियों और झरनों को उफान पर ला दिया है. सीता कुंड में बाढ़ जैसे हालात बनने पर वन विभाग ने एहतियात के तौर पर प्रसिद्ध तीर्थस्थल गुप्ता धाम जाने वाले मुख्य मार्ग को बंद कर दिया है.
Sasaram News: कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पहाड़ी नदियों और प्राकृतिक जलस्रोतों का जलस्तर एक बार फिर खतरे के निशान तक पहुंच गया है. नदियों में तेज बहाव और जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए वन विभाग ने एहतियाती कदम उठाते हुए प्रसिद्ध तीर्थस्थल गुप्ता धाम जाने वाले मुख्य मार्ग को श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है.
आपके शहर में
सीता कुंड में बढ़ा पानी, धाम परिसर में बाढ़ जैसे हालात
शनिवार से ही सीता कुंड के समीप से निकलने वाली पहाड़ी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा, जिससे गुप्ता धाम परिसर में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए. धाम परिसर के आसपास पानी का भारी दबाव बनने और रास्तों पर तेज जलधारा बहने के कारण वहां आवागमन अत्यंत जोखिम भरा हो गया. श्रद्धालुओं की जान-माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वन विभाग ने तत्काल प्रभाव से यात्रा पर रोक लगा दी है.

खौरहा सहित कई झरने सक्रिय, बढ़ा जल दबाव
पहाड़ी क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण दुर्गावती डैम जाने वाले मार्ग पर स्थित खौरहा झरना सहित करीब चार से पांच अन्य प्राकृतिक झरने इन दिनों पूरे उफान पर हैं और तीव्र वेग से गिर रहे हैं. झरनों के रौद्र रूप और अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए वन विभाग की विशेष टीमें पूरे पहाड़ी क्षेत्र में मुस्तैद हैं.

सुरक्षा सामान्य होने तक बंद रहेगा मार्ग: वन विभाग
वन विभाग के सुग्गीखोह एवं फुलवरिया (चेनारी) के वन उप परिसर पदाधिकारी भीम कुमार ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र में मौसम और नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. उन्होंने बताया कि जब तक नदियों का बहाव सामान्य नहीं हो जाता और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं होता, तब तक आवागमन शुरू नहीं किया जाएगा. वन विभाग ने श्रद्धालुओं और सैलानियों से अपील की है कि वे किसी भी आपात स्थिति से बचने के लिए फिलहाल गुप्ता धाम की ओर जाने का प्रयास न करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए