रोहतास: इटिम्हा-मरोझिया मुख्य पथ पर जलजमाव, गंदे पानी से होकर स्कूल जाते हैं बच्चे; रोज हादसे का खतरा

Updated:
विज्ञापन

मुख्य पथ पर जलजमाव | Prabhat Khabar Network

इटिम्हा-मरोझिया मुख्य पथ पर जलजमाव और कीचड़ के कारण स्कूली छात्रों व राहगीरों का चलना दूभर हो गया है। प्रशासन से समाधान की मांग की जा रही है।

विज्ञापन

Rohtas News : इटिम्हा-मरोझिया मुख्य पथ पर जलजमाव की समस्या से राहगीरों और स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. डिहरी-बिक्रमगंज मुख्य पथ की ऊंचाई इटिम्हा-मरोझिया मुख्य पथ से अधिक होने और नाली की नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है. बारिश के बाद स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. जलजमाव के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं, जिससे पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए भी आवागमन मुश्किल हो गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे

इस मुख्य पथ से चरगोड़िया, धनाव खालसा, कटखौलिया, मरोझिया, धनाव, सुकहरा, डिहरी, पानापुर समेत कई गांवों के लोग रोज आवागमन करते हैं. सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है. स्कूल और कोचिंग जाने वाले बच्चों को गंदे पानी और फिसलन भरे कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ता है. कई बार बच्चे फिसलकर गिरने से घायल भी हो चुके हैं. ऐसी स्थिति में कुछ बच्चों को बीच रास्ते से ही घर लौटना पड़ता है.

सड़क पर बने गड्ढे बढ़ा रहे दुर्घटना का खतरा

जलजमाव के कारण सड़क लगातार क्षतिग्रस्त होती जा रही है. जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे उभर आये हैं, जिनमें पानी भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. वाहन इन गड्ढों से होकर हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार आये दिन राहगीर और स्कूली बच्चे फिसलकर गिर रहे हैं.

बदबू से आसपास के लोगों का जीना मुश्किल

सड़क पर नाली का गंदा पानी जमा रहने के कारण आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है. लंबे समय तक पानी जमा रहने से स्थानीय लोगों में बीमारी फैलने का डर भी बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि नाली की नियमित सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही समस्या दोहराती है.

कई गांवों के लोगों के लिए यही मुख्य रास्ता

इटिम्हा-मरोझिया मुख्य पथ प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ता है. बड़ी संख्या में ग्रामीण इसी रास्ते से बाजार, स्कूल, कोचिंग और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आते-जाते हैं. सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से व्यापारियों के वाहनों से लेकर साइकिल सवार और पैदल राहगीर तक परेशान हैं.

शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ स्थायी समाधान

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलजमाव की समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ. ग्रामीणों का आरोप है कि न तो नाली की नियमित सफाई करायी जाती है और न ही जल निकासी के लिए कोई ठोस व्यवस्था की गयी है. सड़क का लेवल भी आसपास की मुख्य सड़क की तुलना में नीचे होने के कारण पानी निकल नहीं पाता है.

ग्रामीणों ने कहा- हर दिन हादसे का डर

ग्रामीण हरि गोविंद सिंह, धीरेंद्र सिंह, योगेंद्र प्रसाद, हरेंद्र सिंह, मनोज कुमार और सुनील कुमार ने बताया कि जलजमाव के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, व्यापारियों और आम राहगीरों को काफी परेशानी होती है. सड़क पर पानी और गड्ढों के कारण आये दिन लोग गिरकर चोटिल होते हैं. अभिभावकों ने कहा कि जलजमाव के कारण बच्चों को स्कूल भेजना भी जोखिम भरा लगने लगा है.

मुखिया बोले- पथ निर्माण विभाग को भेजा जायेगा पत्र

मुखिया शशि कुमार ने बताया कि मुख्य पथ पर जलजमाव के कारण ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है. अक्सर लोग फिसलकर जख्मी भी हो जाते हैं. उन्होंने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर पथ निर्माण विभाग को पत्र लिखा जायेगा और जल्द से जल्द सड़क निर्माण तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने का प्रयास किया जायेगा, ताकि लोगों को इस परेशानी से निजात मिल सके.

मुख्य पथ पर जलजमाव | Prabhat Khabar Network
मुख्य पथ पर जलजमाव | Prabhat Khabar Network
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन