रोहतास के मॉडल कुष्ठ अस्पताल पहुंचे DM दीपक मिश्रा, मरीजों से लिया इलाज और सुविधाओं का फीडबैक
डेहरी मॉडल कुष्ठ अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network
सासाराम के मॉडल कुष्ठ अस्पताल में डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने मरीजों से हाल जाना और अस्पताल की व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
Rohtas News : रोहतास जिला के डेहरी प्रखंड के रुद्रपुरा स्थित मॉडल कुष्ठ अस्पताल का रविवार को जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने निरीक्षण किया. डीएम ने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का जायजा लेते हुए इलाजरत मरीजों से सीधे बातचीत की और उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया. मरीजों ने अस्पताल में इलाज और उपलब्ध सुविधाओं से संबंधित जानकारी डीएम को दी.
आपके शहर में
मरीजों को मिल रही निःशुल्क इलाज की सुविधा
अस्पताल में मरीजों को निःशुल्क इलाज के साथ भोजन-पानी और रहने की सुविधा उपलब्ध करायी जाती है. उपचार के दौरान आवश्यक दवाइयां भी संबंधित फाउंडेशन के माध्यम से उपलब्ध करायी जाती हैं. इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को इलाज के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ता है. डीएम ने मरीजों की जरूरतों और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिये.
झाड़ियों की सफाई और चहारदीवारी की होगी मरम्मत
निरीक्षण के दौरान अस्पताल संचालक ने परिसर की मौजूदा स्थिति से डीएम को अवगत कराया. बताया गया कि परिसर के कुछ हिस्सों में झाड़ियां और अनावश्यक वनस्पतियां उग आयी हैं. वहीं चहारदीवारी के कुछ हिस्सों में मरम्मत की जरूरत है. इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने और चहारदीवारी की आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया.
स्वच्छ और सुरक्षित परिसर रखने पर जोर
डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि अस्पताल परिसर स्वच्छ, व्यवस्थित और सुरक्षित रहना चाहिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी न हो. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील रहने और स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार करने को कहा. साथ ही अस्पताल की मूलभूत जरूरतों और मरम्मत से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए