सासाराम : प्रारंभिक स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू, पहले दिन 2.80 लाख बच्चों ने दी परीक्षा
परीक्षा देते स्टूडेंट | Prabhat Khabar Network
Sasaram News : सासाराम जिले के प्रारंभिक स्कूलों में मंगलवार से अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू हो गई है. पहले दिन लगभग 2.80 लाख छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी. यह परीक्षा 19 सितंबर तक चलेगी, जिसमें विभिन्न विषयों के साथ-साथ सह-शैक्षिक गतिविधियों का भी मूल्यांकन होगा.
Sasaram News : जिले के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक स्कूलों में वर्ग 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गई. पहले दिन करीब 2 लाख 80 हजार छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया. प्रथम पाली में हिंदी, उर्दू एवं बांग्ला तथा द्वितीय पाली में वर्ग 6 से 8 के लिए विज्ञान विषय की परीक्षा ली गई.
19 सितंबर तक चलेगी परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रक्रिया
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान, रोहतास की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा एवं मूल्यांकन की प्रक्रिया 19 सितंबर तक चलेगी. 16 सितंबर को अंग्रेजी तथा पर्यावरण अध्ययन एवं सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी. 17 सितंबर को गणित एवं संस्कृत विषय की परीक्षा ली जाएगी.
18 और 20 सितंबर को सह-शैक्षिक गतिविधियों की ग्रेडिंग
18 सितंबर को उर्दू स्कूलों को छोड़कर अन्य स्कूलों में सह-शैक्षिक गतिविधियों के समेकन एवं ग्रेडिंग का निर्धारण किया जाएगा. 19 सितंबर को द्वितीय भाषा एवं अहिंदी भाषी छात्र-छात्राओं के लिए हिंदी की परीक्षा होगी. वहीं, उर्दू स्कूलों में सह-शैक्षिक गतिविधियों का समेकन एवं ग्रेडिंग 20 सितंबर को किया जाएगा.
वर्ग 1 और 2 के बच्चों का मौखिक मूल्यांकन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वर्ग 1 एवं 2 के बच्चों का मूल्यांकन वर्ग शिक्षक द्वारा मौखिक रूप से किया जाएगा. वर्ग 1 से 8 तक के प्रश्नपत्र ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे. परीक्षा अवधि के दौरान पीएम पोषण योजना के तहत बच्चों को मध्याह्न भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा.
कुछ विषयों का स्कूल स्तर पर होगा मूल्यांकन
वर्ग 3 के शारीरिक शिक्षा, कल्याण एवं कला तथा वर्ग 6 के शारीरिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, कंप्यूटर विज्ञान एवं कला विषयों का मूल्यांकन स्कूल स्तर पर किया जाएगा. वर्ग 7 एवं 8 में भी कंप्यूटर विज्ञान का मूल्यांकन स्कूल स्तर पर ही होगा.
21 से 25 सितंबर तक उत्तर पुस्तिकाओं की जांच
वर्ग 3 से 8 तक की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच निकटस्थ कॉम्प्लेक्स रिसोर्स सेंटर स्तर पर 21 से 25 सितंबर तक की जाएगी. वहीं, वर्ग 1 एवं 2 के बच्चों का मूल्यांकन उनके मूल स्कूल में ही होगा.
Also Read : केसठ में मंगलवार को लगेगा सहयोग शिविर, अधिकारी सुनेंगे लोगों की शिकायतें
26 सितंबर को होगी शिक्षक-अभिभावक बैठक
26 सितंबर को सभी प्रारंभिक एवं मध्य विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित की जाएगी. इस दौरान बच्चों का प्रगति पत्रक अभिभावकों के साथ साझा किया जाएगा. ग्रेड सी, डी एवं ई प्राप्त करने वाले बच्चों के लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि उनके शैक्षणिक स्तर में सुधार किया जा सके.
Also Read : सरस्वती विद्या मंदिर में हिंदी दिवस पर निबंध प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने लिया उत्साह से हिस्सा
28 सितंबर तक स्कूलों को देना होगा परिणाम
स्कूलों को परीक्षा परिणाम 28 सितंबर तक जिला कार्यालय को उपलब्ध कराना होगा. वहीं, प्रखंड स्तर से समेकित प्रतिवेदन 30 सितंबर तक जिला कार्यालय में जमा कराया जाएगा.
Also Read : केसठ ग्रामीण बैंक में तीन दिन बाद उमड़ी ग्राहकों की भीड़, पर्व-त्योहार के मौसम में बढ़ी परेशानी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए