आज से रोहतास के पांच प्रखंडों में शुरू होगी डिग्री कॉलेजों की पढ़ाई

डिग्री कॉलेज सूर्यपुरा का निरीक्षक करने पहुंचे डीईओ और एसडीएम
Sasaram News : रोहतास जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बुधवार से नई शुरुआत हो रही है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले के सूर्यपुरा, काराकाट, संझौली, शिवसागर और रोहतास प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों में नामांकन के साथ नियमित पठन-पाठन शुरू होगा. प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी करेंगे शुभारंभ.
Sasaram News : रोहतास जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बुधवार से नई शुरुआत होने जा रही है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले के सूर्यपुरा, काराकाट, संझौली, शिवसागर और रोहतास प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों में बुधवार से नामांकन के साथ नियमित पठन-पाठन शुरू होगा. इसे लेकर प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी और जिलाधिकारी के प्रस्तावित दौरे से पहले मंगलवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने सूर्यपुरा पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान बिक्रमगंज के अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात कुमार भी मौजूद रहे.
विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों की पढ़ाई का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी सबसे पहले राज राजेश्वरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बघवा स्कूल) पहुंचे. यहां उन्होंने कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे. कई विद्यार्थियों ने संतोषजनक उत्तर दिए, जबकि कुछ सवालों का जवाब नहीं दे सके. छात्राओं ने अधिक उत्साह के साथ जवाब दिए, जिस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्रसन्नता जताई और शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
139 सीटें स्वीकृत, 131 विद्यार्थियों का हो चुका है नामांकन
इसके बाद अधिकारियों ने राजकीय डिग्री कॉलेज, सूर्यपुरा का निरीक्षण किया. जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले के पांच प्रखंडों में नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में बुधवार से शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की जा रही है. इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा. कॉलेज के नव नियुक्त प्राचार्य प्रो. मोहम्मद अलाउद्दीन अजीजी ने बताया कि प्रथम सत्र के लिए 139 सीटें स्वीकृत हैं, जिनमें से 131 छात्र-छात्राओं का नामांकन हो चुका है. कॉलेज में फिलहाल राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, इतिहास, अर्थशास्त्र, हिंदी और अंग्रेजी विषयों की पढ़ाई होगी. हालांकि वर्तमान में राजनीति विज्ञान, इतिहास और हिंदी विषयों के ही व्याख्याता पदस्थापित हैं. इन्हीं में से एक प्राचार्य और एक बर्सर की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं.
छात्रावास भवन से शुरू होगा कॉलेज का संचालन
प्राचार्य प्रो. मोहम्मद अलाउद्दीन अजीजी ने बताया कि जिस भवन से कॉलेज का संचालन शुरू किया जा रहा है, उसका निर्माण मूल रूप से छात्रावास के लिए कराया गया था. यह भवन सूर्यपुरा विद्यालय के पूर्व छात्र एवं भारतीय सेना के पूर्व वाइस चीफ जनरल एस.के. सिंह के आग्रह पर बनाया गया था. अब इसी भवन से राजकीय डिग्री कॉलेज, सूर्यपुरा की शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा.
मंत्री अशोक चौधरी करेंगे शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ
बुधवार को मंत्री अशोक चौधरी और जिलाधिकारी की उपस्थिति में जिले के पांचों नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा. इस पहल से रोहतास जिले के हजारों विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में स्नातक स्तर की पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी और उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता भी कम होगी.
Also Read : गया जी : 28 वर्षीय युवक दोस्तों संग नेपाल घूमने गया, पोखरा के प्रसिद्ध फेवा झील में तैरने के दौरान डूबकर मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










