रोहतास: तिलौथू में बोलेरो-टेंपो की जोरदार टक्कर, CRPF जवान की मौत; पत्नी, मां और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल

Updated:
विज्ञापन

अज्ञात बोलेरो की टक्कर से पेड़ में टकराया टेंपो. | Prabhat Khabar Network

रोहतास के तिलौथू में बोलेरो और ऑटो की टक्कर में सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

Rohtas News : रोहतास जिला के तिलौथू थाना क्षेत्र के टेढ़का मोड़ के समीप शनिवार को बोलेरो और टेंपो के बीच हुई जोरदार टक्कर में टेंपो सवार सीआरपीएफ जवान कंचन ठाकुर की मौत हो गई. हादसे में उनकी पत्नी, मां और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज सासाराम सदर अस्पताल में चल रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

अज्ञात बोलेरो ने मारी टक्कर, पेड़ से टकराया टेंपो

थानाध्यक्ष शुभम कुमार ने बताया कि एक ही परिवार के लोग टेंपो से ताराचंडी धाम की ओर से तिलौथू की तरफ आ रहे थे. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, टेढ़का मोड़ के पास एक अज्ञात बोलेरो ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई. टक्कर के बाद टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

हादसे में पूरा परिवार घायल

दुर्घटना में रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के डिहरा गांव निवासी कंचन ठाकुर, उनकी पत्नी चांदनी देवी (30), सास चिंता देवी (47), बेटा अंश कुमार (10) और बेटी पीहू कुमारी (6) गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सासाराम सदर अस्पताल पहुंचाया.

इलाज के दौरान CRPF जवान ने तोड़ा दम

अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने कंचन ठाकुर को मृत घोषित कर दिया. वहीं उनकी पत्नी, मां और दोनों बच्चों का इलाज जारी है. पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है.

अज्ञात बोलेरो की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे में शामिल अज्ञात बोलेरो की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी है. आसपास के इलाकों में वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है.

टेढ़का मोड़ से निमियाडीह तक डेंजर जोन

स्थानीय लोगों के अनुसार टेढ़का मोड़ से निमियाडीह तक का इलाका दुर्घटना के लिहाज से बेहद संवेदनशील है. यहां अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं. लोगों ने प्रशासन से टेढ़का मोड़ के दोनों ओर गति अवरोधक लगाने की मांग की है, ताकि वाहनों की रफ्तार नियंत्रित की जा सके.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन