सासाराम में 91 दिव्यांग बच्चों का मूल्यांकन, 9 के UDID कार्ड की प्रक्रिया पूरी; 20 सहायक उपकरण के लिए चिन्हित

Updated:
विज्ञापन

फोटो कैप्शन : पीएम श्री उच्च विद्यालय चौखंडी पथ, सासाराम में आयोजित मूल्यांकन शिविर में उपस्थित डॉक्टर, दिव्यांग बच्चे एवं उनके अभिभावक व अन्य. | Prabhat Khabar Network

सासाराम के पीएम श्री उच्च विद्यालय में दिव्यांग बच्चों के लिए मूल्यांकन शिविर आयोजित, 9 बच्चों के यूडीआईडी कार्ड बने और 20 को उपकरण के लिए चिन्हित किया गया।

विज्ञापन

Rohtas News : पीएम श्री उच्च विद्यालय चौखंडी पथ में शनिवार को दिव्यांग बच्चों के मूल्यांकन, यूडीआईडी कार्ड निर्माण एवं सहायक उपकरण के लिए चिन्हांकन शिविर आयोजित किया गया. इसमें चेनारी, नोखा, कोचस, शिवसागर और सासाराम प्रखंड के दिव्यांग बच्चे अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे. शिविर में कुल 91 बच्चे एवं अभिभावक उपस्थित हुए.

आपके शहर में

विज्ञापन

9 बच्चों के UDID कार्ड की प्रक्रिया पूरी

शिविर में 9 दिव्यांग बच्चों के यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की गयी. वहीं, 20 बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिन्हित किया गया. 11 बच्चों का यूडीआईडी कार्ड पहले से बना हुआ था.

डॉक्टरों की टीम ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच की

सदर अस्पताल सासाराम के चिकित्सकों की टीम ने बच्चों की स्वास्थ्य एवं दिव्यांगता संबंधी आवश्यक जांच की. टीम में डॉ मनोज कुमार समेत अन्य चिकित्सक शामिल रहे. बिहार शिक्षा परियोजना परिषद की टीम ने भी बच्चों का मूल्यांकन किया और विभागीय प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी.

सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना शिविर का उद्देश्य

शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की पहचान और मूल्यांकन के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना था. जरूरत के अनुसार यूडीआईडी कार्ड बनाना और सहायक उपकरण के लिए बच्चों को चिन्हित करना भी शिविर के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल रहा.

विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण बढ़ाई गयी थी तिथि

असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, रोहतास की ओर से जारी पत्र के अनुसार पहले सासाराम में 10 अगस्त, डिहरी में 11 अगस्त और बिक्रमगंज में 12 अगस्त को शिविर प्रस्तावित था. जिले में हड्डी रोग, नेत्र रोग, नाक-कान-गला एवं मनोरोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण निर्धारित तिथि पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हो सकी. इसके बाद छात्रहित और शत-प्रतिशत दिव्यांग बच्चों के मूल्यांकन को देखते हुए शिविर की तिथि विस्तारित की गयी.

डिहरी में 24 और बिक्रमगंज में 25 अगस्त को शिविर

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सासाराम अनुमंडल का शिविर 22 अगस्त को पीएम श्री उच्च विद्यालय, चौखंडी पथ में संपन्न हो चुका है. अब डिहरी अनुमंडल का शिविर 24 अगस्त को पीएम श्री एकेओ जैन उच्च विद्यालय, दरिहट में और बिक्रमगंज अनुमंडल का शिविर 25 अगस्त को पीएम श्री उच्च विद्यालय, तेंदुनी में आयोजित होगा.

विद्यालयों को शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश

दोनों आगामी शिविरों में संबंधित अनुमंडल के प्रखंडों के चिन्हित सभी पीएम श्री विद्यालयों के दिव्यांग बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है. शिविर स्थल पर बच्चों के बैठने, पेयजल, यूडीआईडी प्रोफाइल और पूर्व के चिकित्सीय दस्तावेजों की व्यवस्था संबंधित विद्यालयों को करनी होगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन