धान की रोपनी को लेकर विवादित जमीन पर चली गोलियां, दो पक्षों पर FIR, सात खोखे बरामद

Updated:
विज्ञापन
बलभद्रपुर गांव के बधार में जमीन विवाद को लेकर गर्जी बंदूके,सात खोखा बरामद,12 नामजद सहित दो दर्जन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज

प्रतीकात्मक तस्वीर

Sasaram News : रोहतास जिले में जमीन विवाद एक बार फिर हिंसक हो गया. बलभद्रपुर गांव में धान रोपनी को लेकर दो पक्षों में हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया. पुलिस ने 27 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

विज्ञापन

Sasaram News : रोहतास जिले के बड़हरी थाना क्षेत्र में विवादित जमीन पर धान की रोपनी को लेकर सोमवार को दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी हुई. घटना बलभद्रपुर गांव के बधार की है. हालांकि इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. अचानक हुई फायरिंग से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई और खेतों में काम कर रहे लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

पुलिस के पहुंचते ही फरार हुए दोनों पक्ष के लोग

घटना की सूचना मिलते ही बड़हरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही दोनों पक्षों के हथियारबंद लोग मौके से फरार हो गए. पुलिस ने घटनास्थल से गोली के सात खोखे बरामद किए हैं. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.

धान की रोपनी को लेकर बढ़ा विवाद

सदर डीएसपी-2 संजीव कुमार ने बताया कि बड़हरी थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव निवासी शशीरंजन सिंह और भानपुर गांव निवासी शिवपरसन सिंह के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. सोमवार को विवादित जमीन पर धान की रोपनी के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. इसी दौरान दहशत फैलाने की नीयत से दोनों ओर से फायरिंग की गई. पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण कोई जनहानि नहीं हुई.

दोनों पक्षों के खिलाफ नामजद और अज्ञात लोगों पर केस दर्ज

डीएसपी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से कुल 12 नामजद और दो दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. एक पक्ष की ओर से भानपुर गांव निवासी सुदर्शन सिंह, शिवपरसन सिंह, विकास कुमार, नीतीश कुमार, प्रिंस कुमार, लक्ष्मण सिंह सहित 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. वहीं दूसरे पक्ष की ओर से बलभद्रपुर गांव निवासी शशीरंजन सिंह, विजेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, सियाराम सिंह, बिहारी सिंह, भरत कुमार उर्फ अंकित कुमार सहित 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चल रही कार्रवाई

डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विवादित जमीन पर चौकीदार की तैनाती कर दी गई है.

एक दिन पहले भी जमीन विवाद में हुई थी फायरिंग

गौरतलब है कि रविवार को भी करगहर थाना क्षेत्र के पिपरा और समरडीहा गांव के बधार में जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी हुई थी. उस घटना में एक युवती और एक ट्रैक्टर चालक गोली के छर्रे लगने से घायल हो गए थे. लगातार दो दिनों में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटनाओं ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

Also Read : गया जी : 28 वर्षीय युवक दोस्तों संग नेपाल घूमने गया, पोखरा के प्रसिद्ध फेवा झील में तैरने के दौरान डूबकर मौत


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन