सारण: पीएमश्री स्कूल में 5 सितंबर से बंद हो सकता है पका भोजन, एक साल से नहीं मिला है भुगतान; प्रधानाध्यापक ने दी जानकारी
तरैया पीएमश्री विद्यालय देवरिया, सारण
तरैया प्रखंड के पीएमश्री विद्यालय में 5 सितंबर से मध्याह्न भोजन योजना पर संकट मंडरा रहा है. एक साल से राशन, गैस और रसोइया-सहायकों की बकाया राशि का भुगतान न होने से स्कूल में पका-पकाया भोजन बंद होने की कगार पर है. प्रधानाध्यापक ने विभाग को लिखित शिकायत दी है.
pm shri school mdm scheme: तरैया प्रखंड के मैकडोनाल्ड उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देवरिया में संचालित पीएमश्री विद्यालय के बच्चों को 5 सितंबर से मध्याह्न भोजन योजना के तहत पका-पकाया भोजन नहीं मिलने की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह ने विभाग की ओर से राशन सामग्री, गैस सिलेंडर और रसोइया-सहायक की बकाया राशि का भुगतान नहीं होने का आरोप लगाते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, तरैया को लिखित शिकायत प्रतिवेदन दिया है.
आपके शहर में
प्रधानाध्यापक के अनुसार, 22 अगस्त 2025 से विद्यालय में कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं के लिए मध्याह्न भोजन योजना संचालित हो रही है. उनका कहना है कि बार-बार विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक राशन सामग्री उपलब्ध कराने वाले वेंडर, गैस सिलेंडर आपूर्तिकर्ता और रसोइया-सहायक की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया है.
एक साल से भुगतान नहीं होने का आरोप
प्रधानाध्यापक के लिखित प्रतिवेदन के अनुसार, संबंधित राशन वेंडर और गैस आपूर्तिकर्ता करीब एक साल से बकाया राशि का भुगतान नहीं होने के कारण अब आगे सामान देने से इनकार कर रहे हैं. ऐसी स्थिति में विद्यालय के सामने मध्याह्न भोजन योजना संचालित करने में परेशानी उत्पन्न हो गयी है.
प्रधानाध्यापक ने कहा है कि यदि बकाया राशि का भुगतान नहीं हुआ, तो मजबूर होकर 5 सितंबर 2026 से मध्याह्न भोजन बंद करना पड़ेगा.
शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भेजी शिकायत की प्रतिलिपि
प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह ने अपने लिखित शिकायत प्रतिवेदन की प्रतिलिपि जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, पीएम पोषण, सारण और प्रखंड संसाधन सेवी, पीएम पोषण, तरैया को भी भेजी है. प्रतिवेदन के माध्यम से बकाया भुगतान कराने और मध्याह्न भोजन योजना को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की गयी है.
प्रखंड साधनसेवी पर सहयोग नहीं करने का आरोप
प्रधानाध्यापक ने एक दिन पहले भी बीईओ को लिखित शिकायत दी थी. इसमें एक साल से भुगतान नहीं होने की समस्या का उल्लेख किया गया था. साथ ही प्रखंड साधनसेवी पर पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया गया था.
विद्यालय प्रशासन का कहना है कि यदि समय रहते बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो इसका सीधा असर विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना पर पड़ेगा और बच्चों को पका-पकाया भोजन उपलब्ध कराना मुश्किल हो जायेगा.
सीवान में पैक्सों का सीएमआर भुगतान अटका, 15 सितंबर तक राशि नहीं मिली तो समाहरणालय पर धरने की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए