सारण: एकमा में BEO का औचक निरीक्षण, स्कूल में लापरवाही पर शो-कॉज; प्रधानाध्यापक को 24 घंटे में देना होगा जवाब
विद्यालयों का निरीक्षण करते बीईओ मनीष कुमार | Prabhat Khabar Network
एकमा के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। मध्यांतर के बाद भी बच्चों को मैदान में खेलने पर बेनौत स्कूल के हेडमास्टर से मांगा स्पष्टीकरण।
Saran News : एकमा प्रखंड क्षेत्र में स्कूली शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यालयों में अनुशासन कायम रखने के लिए शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है. इसी कड़ी में एकमा के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) मनीष कुमार ने मंगलवार को चार विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान तीन विद्यालयों में व्यवस्था संतोषजनक मिली, जबकि मध्य विद्यालय बेनौत में गंभीर लापरवाही सामने आने पर प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है.
अचानक स्कूल पहुंचे BEO तो मैदान में घूमते मिले बच्चे
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार ने मध्य विद्यालय बेनौत, उत्क्रमित मध्य विद्यालय तेलियाडीह, रामनंदन हाईस्कूल योगिया और मध्य विद्यालय बंशी छपरा का निरीक्षण किया. मध्य विद्यालय बेनौत पहुंचने पर उन्होंने पाया कि मध्यांतर का समय काफी पहले समाप्त हो चुका था, लेकिन कई बच्चे कक्षाओं में पढ़ाई करने के बजाय स्कूल के खेल मैदान में घूमते और हुड़दंग करते नजर आए.
बच्चों की अव्यवस्था पर शिक्षकों की भूमिका पर भी सवाल
निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की ओर से बच्चों को कक्षाओं में भेजने या अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रभावी पहल नहीं की जा रही थी. बीईओ ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि मध्यांतर के बाद बच्चों का कक्षाओं में लौटना और नियमित पढ़ाई करना सुनिश्चित करना विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की जिम्मेदारी है.
प्रधानाध्यापक को 24 घंटे में देना होगा जवाब
विद्यालय में मिली लापरवाही को गंभीर मानते हुए बीईओ मनीष कुमार ने प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा है. उन्हें 24 घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
तीन स्कूलों में दिखी बेहतर व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान अन्य तीन विद्यालयों में स्थिति संतोषजनक पाई गई. वहां समय पर घंटी बजने, शिक्षकों के अपनी-अपनी कक्षाओं में मौजूद रहने और बच्चों के अनुशासन के साथ पढ़ाई करने की जानकारी मिली. बीईओ ने विद्यालयों की व्यवस्था का जायजा लेने के साथ शिक्षकों को समय सारणी का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया.
क्या कहते हैं अधिकारी
बीईओ मनीष कुमार ने कहा कि क्षेत्र के विद्यालयों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मध्यांतर के बाद भी बच्चों का कक्षा से बाहर रहना और शिक्षकों का मूकदर्शक बने रहना बेहद खेदजनक है. मध्य विद्यालय बेनौत के प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है. सभी शिक्षक समय सारणी का पूरी तरह पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी.



आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए