सोनपुर के हरिहरनाथ मंदिर में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब, सोमवारी पर हुआ भव्य जलाभिषेक
हरिहरनाथ मंदिर में उमड़ों भक्तों का जनसैलाब
सोमवार को धर्मनगरी सोनपुर शिव भक्ति में सराबोर हो गई. विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में भक्तों का जनसैलाब उमड़ा, जहां विशेष रुद्राभिषेक और जलाभिषेक किया गया. जिलाधिकारी ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
Harihar Nath Temple: सोमवारी के अवसर पर धर्मनगरी हरिहर क्षेत्र सोनपुर पूरी तरह शिवमय हो उठी. विश्वप्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर, स्टेशन गेट स्थित ऐतिहासिक श्री नर्वदेश्वर महादेव मंदिर और लोक सेवा आश्रम परिसर समेत क्षेत्र के तमाम देवालयों में अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पूरा हरिहर क्षेत्र बाबा हरिहरनाथ की जय, बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा.
आपके शहर में
कपाट खुलते ही लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतार
बाबा हरिहरनाथ मंदिर के कपाट खुलते ही गंगाजल लेकर पहुंचे कांवरियों और स्थानीय श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गयी. मंदिर में अरघा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भगवान हरिहरनाथ का जलाभिषेक किया. मंदिर के मुख्य अर्चक पंडित सुशील चंद्र शास्त्री, आचार्य पवन पाण्डेय, बमबम बाबा, गजेंद्र पाण्डेय, सदानंद पाण्डेय और नंद बाबा समेत सभी पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान हरिहरनाथ का भव्य शृंगार और विशेष रुद्राभिषेक कराया.
श्रद्धालुओं ने दूध, बेलपत्र, धतूरा, अक्षत और पुष्प अर्पित कर सुख, शांति और परिवार की समृद्धि की कामना की.
जिलाधिकारी ने लिया व्यवस्था का जायजा
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव भी बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते रहे. उन्होंने मंदिर परिसर में व्यवस्था का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
न्यास समिति ने संभाली व्यवस्था की कमान
बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला, कोषाध्यक्ष निर्भय कुमार सिंह, उप कोषाध्यक्ष मिथलेश कुमार सिन्हा, सदस्य चंद्र भूषण तिवारी, कृष्ण समेत समिति के अन्य पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की.
नर्वदेश्वर महादेव मंदिर में भी हुआ जलाभिषेक
बाबा हरिहरनाथ मंदिर में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं का बड़ा जत्था सोनपुर स्टेशन गेट स्थित श्री नर्वदेश्वर महादेव मंदिर पहुंचा. दैनिक रेल यात्रियों, स्थानीय नागरिकों और दूर-दराज से आए शिवभक्तों ने भगवान नर्वदेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया. मंदिर में दिनभर विशेष पूजा, आरती और शिव स्तुति का सिलसिला चलता रहा.
लोक सेवा आश्रम में भी विशेष अनुष्ठान
लोक सेवा आश्रम परिसर स्थित सूर्य मंदिर और श्री शनिदेव मंदिर में भी सोमवारी के अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए. तपोनिष्ठ संत विष्णुदास उदासीन मौनी बाबा के सानिध्य और मार्गदर्शन में आचार्यों ने विधि-विधान से नवग्रह शांति, सूर्य उपासना और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कराया. मौनी बाबा के दर्शन और आशीर्वाद के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे. पूरे दिन यहां भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा.
शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ आयोजन
स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन समितियों की मुस्तैदी से सोमवारी का आयोजन शांतिपूर्ण और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ. पूजन सामग्री की दुकानों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पूरे सोनपुर में धार्मिक उत्सव जैसा माहौल बना रहा.
इसे भी पढ़ें: सारण के मशरक में आर्केस्ट्रा डांसर के साथ हैवानियत, सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म; जांच में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए