सारण के शहरीकरण का पूरा प्लान तैयार: छपरा-सोनपुर का एरिया बढ़ेगा, 9 नए नगर निकायों पर जल्द फैसला

Updated:
विज्ञापन

छपरा नगर निगम प्रशासनिक भवन| Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सारण जिले में शहरीकरण की रफ्तार तेज होने वाली है. 9 नए नगर निकायों के गठन और छपरा-सोनपुर के क्षेत्र विस्तार की तैयारी पूरी हो चुकी है. इस मास्टर प्लान से ग्रामीण इलाकों का तेजी से विकास होगा.

विज्ञापन

Saran District Masterplan : सारण जिले में नए नगर निकाय बनाने और पुराने का क्षेत्र विस्तार व उत्क्रमण (बेहतर बनाने) की तैयारी तेज हो गई है. जिलाधिकारी को अब तक 16 प्रस्ताव मिले हैं. इन सभी पर 20 सूत्री कमेटी और जिला प्रभारी मंत्री की मोहर लगनी बाकी है.

विज्ञापन

15 सितंबर को ही यह काम पूरा हो जाना था लेकिन अचानक प्रभारी मंत्री का कार्यक्रम रद्द हो जाने की वजह से फिलहाल अभी रुक गया है. लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि इसी महीने में यह प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी और सारण के ग्रामीण क्षेत्र का तेजी से शहरीकरण और विकास को लेकर काम शुरू हो जाएगा. इतना ही नहीं छपरा नगर निगम का भी विस्तार इसी प्रस्ताव में शामिल किया गया है.

छपरा समेत सारण की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें.

सारण मास्टरप्लान के लिए तैयार प्रमुख प्रस्ताव

  • क्षेत्र विस्तार: नगर निगम छपरा एवं नगर परिषद सोनपुर.
  • नए नगर पंचायत का गठन: दरियापुर (बेला), तरैया, बनियापुर, इसुआपुर, नगरा, पानापुर, गरखा एवं मकेर.
  • नई नगर परिषद का गठन: अमनौर.
  • नगर परिषद में उत्क्रमण: रिविलगंज, मढ़ौरा, परसा एवं दिघवारा नगर पंचायत.

पहले यह प्रक्रिया अपनाई गई थी

नगर विकास विभाग के द्वारा प्रस्ताव मांगे जाने के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी शशि कुमार की ओर से नगर आयुक्त, नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों, बीडीओ और अंचल अधिकारियों को प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था. संबंधित स्तरों से प्राप्त प्रस्तावों की जिला स्तर पर समीक्षा की गई. अब इन्हें जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के समक्ष रखा जाएगा. फिर प्रभारी मंत्री की मोहर लग जाएगी.

कई ग्रामीण क्षेत्र को नगर क्षेत्र में शामिल करने की तैयारी

नगर निकायों के विस्तार के तहत नगरपालिका से सटे ग्रामीण क्षेत्रों को शहरी क्षेत्र में शामिल करने का विकल्प रखा गया है. इसके अलावा दो या उससे अधिक नगरपालिका क्षेत्रों के विलय और पुराने नगर निकायों के उन्नयन (बेहतर बनाने) से जुड़े प्रस्ताव भी लिए जा रहे हैं. इससे सारण के तेजी से विकसित हो रहे ग्रामीण और बाजार क्षेत्रों को शहरी प्रशासन के दायरे में लाने का रास्ता खुल सकता है.

सारण में फिलहाल हैं 10 नगर निकाय

राज्य निर्वाचन आयोग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार सारण में छपरा नगर निगम के अलावा एकमा बाजार सहित अन्य नौ नगर निकाय हैं. छपरा नगर निगम में 45 वार्ड दर्ज हैं और 2022 के आंकड़ों के आधार पर इसकी आबादी 2,02,352 दर्ज है. जिला प्रशासन की वेबसाइट पर छपरा नगर निगम के साथ परसा, एकमा बाजार, दिघवारा और सोनपुर समेत जिले के अन्य शहरी निकायों के अधिकारियों की जानकारी भी उपलब्ध है.

आबादी और कर्मचारियों का देना होगा ब्योरा

नए नगर निकाय के गठन, पुराने निकाय के उन्नयन (बेहतर बनाने) या सीमा विस्तार से जुड़े प्रस्तावों में आबादी और कर्मचारियों से संबंधित ब्योरा लिया गया है. प्रस्ताव तैयार होने के बाद जिला स्तर पर उनकी समीक्षा की गई है. इसके बाद आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

शहर के आसपास के इलाकों पर पड़ेगा असर

नगर निकायों की सीमा बढ़ने से शहरी प्रशासन का दायरा बढ़ सकता है. नगर क्षेत्र में शामिल होने वाले गांवों में सड़क, नाला, जल निकासी, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था नगर निकाय के माध्यम से किए जाने की संभावना बढ़ेगी. हालांकि, किन गांवों या क्षेत्रों को अंतिम रूप से नगर निकाय में शामिल किया जाएगा, यह प्रस्तावों की समीक्षा और सरकार के अंतिम निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगा.

छपरा आयोजना क्षेत्र (विकास योजना क्षेत्र) भी हो चुका है विस्तारित

इससे पहले छपरा आयोजना क्षेत्र (विकास योजना क्षेत्र) का भी विस्तार किया गया है. विस्तारित आयोजना क्षेत्र (विकास योजना क्षेत्र) 101.09 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर 445.02 वर्ग किलोमीटर हो गया है और इसमें छपरा नगर निगम, रिविलगंज नगर पंचायत तथा छह प्रखंडों के कुल 227 राजस्व गांव शामिल किए गए हैं. विस्तारित क्षेत्र के लिए अगले 20 वर्षों की महायोजना तैयार की जानी है.

क्या बोले पदाधिकारी

प्रखंडों से और नगर निकायों से जो प्रस्ताव मांगे गए थे वह आ चुके हैं. अब 20 सूत्री और प्रभारी मंत्री की स्वीकृति लेनी बाकी है, उसके बाद जिला पदाधिकारी के माध्यम से नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा. यह सारण जिले के विकास के लिए बहुत अच्छी पहल है. जल्द ही इसे लेकर स्वीकृति मिल जाएगी. शशि कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सारण

यह भी पढ़ें :

छपरा आयोजना क्षेत्र जीआइएस बेस्ड मास्टर प्लान 2045 को मिली मंजूरी

छपरा आयोजना क्षेत्र विस्तार प्रस्ताव को हरी झंडी, अब ब्लूप्रिंट होगा तैयार

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन