पीएम सूर्य घर योजना: सारण में 500 यूनिट से ज्यादा खपत वाले उपभोक्ताओं पर फोकस, सोलर इंस्टॉलेशन में तेजी के निर्देश
पदाधिकारीयों के साथ बैठक करते डीएम.
PM Surya Ghar Yojana: डीएम ने पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति पर बैठक की. बैंकों को सोलर लोन आवेदनों पर तेजी लाने और तकनीकी बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं. जिले में 3,301 आवेदन आए हैं, जिनमें से 727 घरों में सोलर पैनल लग चुके हैं.
PM Surya Ghar Yojana: छपरा स्थित समाहरणालय में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में 'पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) सहित विभिन्न राष्ट्रीयकृत व निजी बैंकों के प्रतिनिधि, विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा योजना से संबद्ध पंजीकृत वेंडर प्रत्यक्ष और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए. बैठक का मुख्य उद्देश्य रूफटॉप सोलर लगाने की प्रक्रिया को रफ्तार देना और बैंक ऋण संबंधी अड़चनों को दूर करना रहा.
बैंकों में अटके लोन आवेदनों पर डीएम का निर्देश
जिलाधिकारी ने विभिन्न बैंकों में प्राप्त, स्वीकृत, लंबित और अस्वीकृत ऋण आवेदनों की बिंदुवार समीक्षा की. उन्होंने बैंकों द्वारा आवेदन अस्वीकृत किए जाने के मुख्य कारणों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया,-
"बैंक और प्रशासन आपसी समन्वय स्थापित कर तकनीकी समस्याओं का समाधान विकसित पोर्टल पर तुरंत साझा करें. पात्र लाभुकों के ऋण आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए, बल्कि त्वरित निष्पादन कर सोलर इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया को गति दी जाए."
सारण में 3,301 आवेदन, अब तक 727 घरों पर लगा सोलर पैनल
जिले में योजना की प्रगति का ब्योरा देते हुए डीएम ने बताया कि सारण जिले में अब तक कुल 3,301 आवेदन दर्ज किए जा चुके हैं, जिसके विरुद्ध 727 घरों में सफलतापूर्वक सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रखंडवार विशेष जागरूकता एवं क्रियान्वयन अभियान चलाकर इंस्टॉलेशन के इस आंकड़े को तेजी से बढ़ाया जाए.
500 यूनिट से ज्यादा खपत वाले उपभोक्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य
बैठक में योजना के दायरे को विस्तार देने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश तय किए गए:
- हाई-कंजम्पशन उपभोक्ताओं की पहचान: जिले में 500 यूनिट से अधिक बिजली की मासिक खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं की सूची तैयार की जाएगी.
- डेटा शेयरिंग: ऐसे उपभोक्ताओं के नाम और मोबाइल नंबर संकलित कर संबंधित सोलर वेंडरों को उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि उन्हें योजना के लाभ समझाकर प्रेरित किया जा सके.
- बाहरी वेंडरों को आमंत्रण: पटना, वैशाली, गया और मुजफ्फरपुर जिलों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे अनुभवी वेंडरों की सूची बनाकर उन्हें सारण जिले में काम करने के लिए आमंत्रित और सूचीबद्ध किया जाएगा.
Also Read: सारण के पोखरेड़ा में सहयोग शिविर: 67 आवेदन जमा, 2 का निपटारा; राशन और राजस्व अफसर रहे नदारद
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए