सारण: परसा CHC में इलाज के दौरान ANM की मौत, स्वास्थ्य कर्मियों में शोक
मृतक शव देखने के लिए उमड़ी भीड़ मृतक एनएम सिम्पल सुमन की फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
परसा सीएचसी में कार्यरत एनएम सिंपल सुमन की इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल में ही दम तोड़ने से स्वास्थ्य कर्मियों में शोक की लहर है। जानिए पूरी खबर।
Saran News : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परसा में कार्यरत एक एएनएम की इलाज के दौरान मौत हो गई. अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें उसी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान हृदय गति रुकने से उनकी मौत हो गई. घटना के बाद अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों में शोक की लहर है.
आपके शहर में
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर तैनात थीं ANM
मृतका मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के रत्नपट्टी गांव की रहने वाली थीं. वह परसा प्रखंड के बसरती-लोकनाथपुर स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (HWC) में एएनएम के पद पर कार्यरत थीं. बताया जाता है कि डेरा पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसा में भर्ती कराया.
इलाज के दौरान अचानक रुक गई हृदय गति
चिकित्सा पदाधिकारी के अनुसार, तबीयत बिगड़ने के बाद एएनएम को अस्पताल लाया गया था. चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी हृदय गति रुक गई. चिकित्सकीय प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.
बहन के साथ ही किया था स्वास्थ्य केंद्र में योगदान
स्वास्थ्य प्रबंधन के अनुसार, मृतका ने इसी वर्ष अप्रैल में अपनी छोटी बहन के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसा में योगदान किया था. दोनों सगी बहनें एएनएम के पद पर कार्यरत थीं. उनकी छोटी बहन भी परसा प्रखंड के एक स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम के रूप में कार्यरत हैं.
बहन और परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
एक साथ स्वास्थ्य विभाग में योगदान देने वाली दोनों बहनों में से एक की अचानक मौत से परिवार सदमे में है. बताया गया कि जिस बहन के साथ उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में सेवा शुरू की थी, उसी की आंखों के सामने यह दुखद घटना हुई.
कर्तव्य के प्रति समर्पित थीं मृतका
अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि मृतका अपने कर्तव्य के प्रति काफी समर्पित थीं. वह मरीजों की सेवा को लेकर हमेशा तत्पर रहती थीं. उनके असमय निधन से स्वास्थ्य केंद्र के कर्मियों के साथ-साथ विभाग में भी शोक का माहौल है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए