होली बाद कार्यस्थल पर लौटने लगे प्रवासी, छपरा जंक्शन पर लगी रही भीड़
Published by : ALOK KUMAR Updated At : 06 Mar 2026 9:36 PM
होली पर्व समाप्त होने के बाद छपरा जंक्शन पर एक बार फिर प्रवासी यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है.
छपरा. होली पर्व समाप्त होने के बाद छपरा जंक्शन पर एक बार फिर प्रवासी यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है. त्योहार मनाने के बाद लोग अपने-अपने कार्यस्थलों की ओर लौट रहे हैं, जिसके कारण शुक्रवार को छपरा जंक्शन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में काफी भीड़ देखी गयी. जंक्शन पर सुबह से ही यात्रियों की लंबी कतारें नजर आयीं और प्लेटफॉर्म पर भी काफी चहल-पहल रही. नयी दिल्ली, कोलकाता, मुंबई समेत अन्य बड़े शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी अधिक रही. शुक्रवार को अप बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, बलिया-सियालदह एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रही. स्थिति यह रही कि सामान्य कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी और कई यात्रियों को दरवाजे पर खड़े होकर सफर करना पड़ा. अनारक्षित टिकट काउंटरों पर भी यात्रियों की लंबी लाइन लगी रही.
अनारक्षित टिकट लेकर सफर करने को मजबूर यात्री
दिल्ली व कोलकाता जाने वाली ट्रेनों में भीड़ अधिक हो गयी है. बड़ी संख्या में यात्री अनारक्षित टिकट लेकर सफर करने को मजबूर हैं. हालत यह है कि जनरल कोच ही नहीं बल्कि महिला कोच तक यात्रियों से खचाखच भरे हुए हैं. कई यात्री किसी तरह ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. वहीं दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में आरक्षित टिकट लेकर यात्रा करने वालों की स्थिति भी पहले से खराब है. यात्रियों का कहना है कि दो महीने पहले से ही अधिकांश ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बनी हुई है और लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है. ऐसे में लोगों के पास अनारक्षित टिकट लेकर यात्रा करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है. स्थिति यहां तक पहुंच गयी है कि कई यात्री दिव्यांग कोच में भी चढ़कर यात्रा करने को विवश हैं. होली के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने कामकाज के लिए दिल्ली, मुंबई और अन्य महानगरों की ओर लौट रहे हैं, जिसके कारण ट्रेनों में यात्रियों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है.बसों में भी टिकट के लिए मारामारी, एडवांस बुकिंग जारी
होली बीतते ही लोकल बसों के अलावा दिल्ली, सिलीगुड़ी, रांची, पटना, आरा, बोकारो, मुजफ्फरपुर, हजारीबाग, कोलकाता, टाटा आदि जगहों पर जाने के लिए छपरा बस स्टैंड में यात्रियों की चहल-पहल बढ़ गयी है. कई यात्रियों ने पहले से ही लंबी दूरी की बसों में टिकट कंफर्म करा लिया था, जबकि कुछ यात्री गुरुवार की सुबह से ही बस टिकट बुक कराने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे थे. छपरा बस स्टैंड से दिल्ली के लिए एक डेली सर्विस की बस चलती है, जिसमें 12 मार्च तक टिकट बुक हो चुका है. वहीं झारखंड व सिलीगुड़ी जाने वाली बसों में भी एडवांस बुकिंग जारी है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










