सारण में बाढ़ के पानी में डूबा 16 वर्षीय किशोर, इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित किया
फोटो, सदर अस्पताल पहुंची पुलिस | Prabhat Khabar Network
छपरा के छोटा तेलपा में बाढ़ के पानी में नहाने गए 16 वर्षीय किशोर की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। परिवार में मातम का माहौल, प्रशासन ने दी चेतावनी।
Saran News : शहर के छोटा तेलपा इलाके में बाढ़ के पानी में स्नान करने गए 16 वर्षीय किशोर की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान छोटा तेलपा निवासी संजीव शर्मा के बड़े पुत्र राजा कुमार के रूप में हुई है. वह तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि इलाके में भी शोक का माहौल है.
आपके शहर में
मनोहर दास की मठिया के सामने बाढ़ के पानी में स्नान करने गया था किशोर
परिजनों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से छोटा तेलपा और आसपास के इलाकों में बाढ़ का पानी जमा है. रोज की तरह बुधवार को भी बच्चों की एक टोली मनोहर दास की मठिया के सामने जमा बाढ़ के पानी में स्नान करने गई थी. इसी दौरान राजा कुमार अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा.
बच्चों के शोर पर लोगों ने पानी से बाहर निकाला
राजा को डूबता देखकर अन्य बच्चों ने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला. इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे आनन-फानन में छपरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे.
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने जांच के बाद राजा कुमार को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था राजा
राजा कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है.
प्रशासन की अपील, बाढ़ के पानी में बच्चों को जाने से रोकें
बाढ़ के पानी में डूबने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन लगातार लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है. लोगों से कहा जा रहा है कि बाढ़ के पानी और जलभराव वाले क्षेत्रों में बच्चों को अकेले या समूह में जाने से रोकें. गहरे पानी की जानकारी नहीं होने के कारण ऐसे स्थानों पर हादसे की आशंका बनी रहती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए