सारण: मढ़ौरा नगर पंचायत में पार्षदों ने लगाए गंभीर आरोप, 15 बिंदुओं पर मांगा जवाब

सारण के मढ़ौरा नगर पंचायत में प्रशासनिक पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं. पार्षदों ने लेखापाल पर वित्तीय दस्तावेजों में हेरफेर के गंभीर आरोप लगाए हैं और 15 बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी मांगी है. कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है.
Saran News: सारण जिले के मढ़ौरा नगर पंचायत में प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर घमासान मचा है. सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों में पुष्पा देवी, चितरंजन कुमार सिंह और सत्येंद्र कुमार ने नगर कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र लिखकर नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. पार्षदों ने सूचना के अधिकार के तहत आउटसोर्सिंग कर्मियों की नियुक्ति, मासिक वेतन भुगतान, ईपीएफ कटौती और दैनिक वेतनभोगियों से जुड़ी 15 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत ब्यौरा मांगा है.
लेखापाल पर गंभीर आरोप
इसके अलावा, असंतुष्ट पार्षदों ने नगर पंचायत के लेखापाल रणधीर कुमार सिंह पर वित्तीय दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर करने और सरकारी अभिलेखों में हेरफेर करने के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. लेखापाल पर पिछले 10 वर्षों से एक ही पद पर जमे रहने का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है. पार्षदों ने उनकी सेवा तत्काल समाप्त करने और अवैध रूप से लिए गए वेतन की सरकारी रिकवरी करने की अपील की है.
आंदोलन करने की चेतावनी
सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों ने नगर प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर इस गंभीर मामले में कोई ठोस विभागीय कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को बाध्य होंगे. दूसरी ओर, इस पूरे विवाद पर मढ़ौरा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद रूबी सिंह ने पार्षदों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के सभी विकास कार्य पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संचालित किए जा रहे हैं.
Also Read: सारण: शादी की नीयत से युवती का अपहरण, चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










