सारण के मढ़ौरा चीनी मिल को लेकर फिर गरमाया आंदोलन, धरना देकर उठी बड़ी मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
आंदोलनकारियों द्वारा एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन
स्थानीय लोगों ने मढ़ौरा में बंद पड़ी चीनी मिल को पुनर्जीवित करने के लिए धरना-प्रदर्शन किया. मिल के पुनरुद्धार से हजारों किसानों को गन्ने का सुनिश्चित बाजार और युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है.
Madhaura Sugar Mill: स्थानीय अनुमंडल कार्यालय के समीप सोमवार को ‘चीनी मिल बचाओ आंदोलन’ के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा समाजसेवी नीरज कुमार ने की, जबकि संचालन विष्णु गुप्ता ने किया. धरने में शामिल लोगों ने मढ़ौरा की बंद पड़ी चीनी मिल को किसी अन्य स्थान पर ले जाने के बजाय यहीं पुनर्जीवित करने की मांग उठायी.
आपके शहर में
मढ़ौरा में ही मिल शुरू करने की मांग
आंदोलन के सूत्रधार वीर आदित्य कुमार समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि मढ़ौरा में चीनी मिल के संचालन के लिए पहले से रेल, सड़क, बिजली और पर्याप्त कृषि क्षेत्र जैसी आधारभूत सुविधाएं मौजूद हैं. ऐसे में मिल को किसी दूसरे स्थान पर स्थापित करने के बजाय मढ़ौरा में ही आधुनिक रूप से पुनर्जीवित किया जाना चाहिए.
धरने के दौरान हाल में तरैया में नयी चीनी मिल स्थापित करने की चर्चा पर भी चिंता जतायी गयी. वक्ताओं ने कहा कि किसी दूसरे क्षेत्र के विकास का विरोध नहीं है, लेकिन मढ़ौरा की मिल को दरकिनार कर अन्यत्र मिल स्थापित करना स्वीकार नहीं किया जाएगा.
हजारों किसानों को मिलेगा गन्ने का बाजार
वक्ताओं ने कहा कि मढ़ौरा में चीनी मिल के पुनर्जीवित होने से क्षेत्र के हजारों किसानों को गन्ने के लिए सुनिश्चित बाजार मिलेगा. इसके साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे. परिवहन, व्यापार, होटल, कृषि उपकरण और अन्य क्षेत्रों में भी अप्रत्यक्ष रोजगार बढ़ने की संभावना है.

एथेनॉल और बिजली उत्पादन की भी मांग
संघर्ष समिति ने मढ़ौरा में आधुनिक चीनी मिल के साथ एथेनॉल, को-जनरेशन पावर और अन्य सह-उत्पाद आधारित उद्योग विकसित करने की मांग की. वक्ताओं का कहना था कि इससे मढ़ौरा को दोबारा एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है.
मुख्यमंत्री के नाम एसडीओ को सौंपा ज्ञापन
धरने में शामिल लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से मढ़ौरा चीनी मिल को यहीं पुनर्जीवित कराने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के बाद धरनार्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन मढ़ौरा के अनुमंडल पदाधिकारी सैयद आदिल मोहसिन को सौंपा.
धरना-प्रदर्शन में दिलीप साह, सुवास राय उर्फ झड़ीमान राय, जयराम राय, अंकित कुमार यादव, युवराज भास्कर, अभिषेक राय, अश्विन कुमार, हरिंद्र राय, सुनील साह, नारद प्रसाद और मोहित सिंह समेत दर्जनों ग्रामीण और युवा शामिल रहे.
इसे भी पढ़ें: BPSC TRE-4 के फॉर्म पर ब्रेक, छात्रों के आंदोलन के बाद फिर गरमायी सियासत, जानिए अब क्या होगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए