भगवान बाजार में दो भाइयों पर हमला, एक को मारी गोली, दूसरे को पीट-पीटकर किया अधमरा

Edited by ALOK KUMAR
Updated:
विज्ञापन

भगवान बाजार थाना क्षेत्र में रविवार को ललिता होटल के समीप एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया.

विज्ञापन

छपरा. भगवान बाजार थाना क्षेत्र में रविवार को ललिता होटल के समीप एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया. वहीं दूसरे युवक को बदमाशों ने मारपीट कर घायल कर दिया. दोनों युवकों की पहचान कोपा थाना क्षेत्र के बसडीला गांव निवासी सुभाष पांडे के पुत्र पंकज कुमार पांडे और अभिषेक कुमार पांडे उर्फ भोलू के रूप में हुई है. दोनों आपस में सगे भाई हैं और शहर के ललिता होटल में देखरेख का काम करते हैं. घटना के संबंध में घायल अभिषेक उर्फ भोलू ने बताया कि वह होटल के काउंटर पर बैठा था. इसी दौरान दो अपराधी वहां पहुंचे और जबरन उसे होटल से बाहर खींचते हुए अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगे.

विरोध करने पर एक अपराधी ने कमर से पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने से वह घायल हो गया. काउंटर पर बैठे भाई को बचाने के क्रम में अपराधियों द्वारा उसके भाई पंकज कुमार के साथ भी मारपीट की गयी. वही घायलों ने बताया की घटनास्थल पर करीब तीन राउंड फायरिंग की गयी, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गयी. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गये. आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाजरत थे. वही इस सन्दर्भ में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डा सुरेंद्र महतो ने नाजुक स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया. वही सूचना मिलते ही भगवान बाजार थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ की. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है तथा अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

आरोपित रितिक सिंह पर हैं दर्जनों मामले दर्ज

इलाज के क्रम में घायलों ने बताया कि जलालपुर थाना क्षेत्र के कोठेया गांव का रहने वाला रितिक सिंह व मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी गांव का सोनू सिंह द्वारा होटल में घुसने के साथ ही रंगदारी मांगते हुए गोली मारने की धमकी दी गयी. वहीं पुलिस ने बताया कि रितिक सिंह पर दर्जनों मामले दर्ज हैं. हाल ही में वह जेल से छूटकर बाहर आया है. जिसके बाद से लगातार अपराधी घटनाओं को अंजाम देने की कोशिश में लगा था. इसी बीच शहर के बीचो-बीच घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है. वही पुलिस होटल के समीप पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज को खांगाल रही है. वहीं घायलों के द्वारा बताया गया कि सभी घटना सीसीटीवी में कैद हो चुकी है.

विज्ञापन
ALOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ALOK KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन