सारण : सरकारी स्कूल के क्लर्क की दो बेटियों ने NET परीक्षा में पाई सफलता, जानिए दोनों को मिले कितने मार्क्स

Updated:
विज्ञापन

श्रेया और अंजली की फाइल फोटो

NET Exam Result : सारण की दो सगी बहनों, अंजली और श्रेया वात्स्यायन, ने NET परीक्षा में हिंदी विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर परिवार का नाम रोशन किया है. दोनों ने बचपन से साथ पढ़ाई की और अब प्राध्यापक बनने का सपना पूरा करने की ओर अग्रसर हैं.

विज्ञापन

NET Exam Result : सारण के दिघवारा की दो सहोदर बहनों अंजली वात्स्यायन और श्रेया वात्स्यायन ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की ओर से आयोजित NET परीक्षा में हिंदी विषय से सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का मान बढ़ाया है. बचपन से साथ पढ़ने वाली दोनों बहनों ने एक साथ यह उपलब्धि हासिल की है. अब दोनों का लक्ष्य सफल प्राध्यापक बनकर अपने माता-पिता और परिवार का नाम रोशन करना है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बचपन से साथ पढ़ीं, अब एक साथ हासिल की उपलब्धि

अंजली वात्स्यायन और श्रेया वात्स्यायन ने प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक साथ-साथ पढ़ाई की. दोनों बहनों ने कड़ी मेहनत के दम पर एक ही परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने परिवार को गौरवान्वित किया है.

अंजली को 180 और श्रेया को मिले 174 अंक

जयगोविंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मॉडल स्कूल दिघवारा के क्लर्क अभिषेक कुमार वात्स्यायन और रीता मिश्रा की बेटियों ने NET परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया. 23 वर्षीय अंजली वात्स्यायन ने 300 में 180 अंक हासिल किये, जबकि 22 वर्षीय श्रेया वात्स्यायन को 300 में 174 अंक मिले. दोनों ने हिंदी विषय से NET परीक्षा उत्तीर्ण की है.

सरस्वती विद्या मंदिर से शुरू हुआ पढ़ाई का सफर

दोनों बहनों की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर धनौरा से हुई. इसके बाद उन्होंने दिघवारा के कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शंकरपुर रोड से प्लस टू की पढ़ाई पूरी की. दोनों बहनों ने पटना के वूमेंस कॉलेज से हिंदी विषय में स्नातक और दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की.

बचपन से था प्राध्यापक बनने का सपना

NET परीक्षा में सफलता के बाद दोनों बहनों ने कहा कि बचपन से ही प्राध्यापक बनने का सपना था. अब इस सपने को हकीकत में बदलने के लिए वे आगे की तैयारी करेंगी. दोनों सफल प्राध्यापक बनकर अपने माता-पिता और परिवार का नाम रोशन करना चाहती हैं.

परिवार में खुशी का माहौल

दोनों बेटियों के एक साथ NET उत्तीर्ण होने की खबर मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल है. परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने दोनों बहनों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

क्षेत्र के लोगों ने दी शुभकामनाएं

दोनों बहनों की सफलता पर सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह, पूर्व प्रधानाध्यापक महेश प्रसाद, एचएम हरेंद्र सिंह, डॉ. विनय प्रताप सिंह, संजय सिंह, नर्मदेश्वर कुमार संतोष, अविनाश रंजन, अनुज कुमार, डॉ. अरविंद कुमार, अमित कुमार, मनीष कुमार, अरमान आलम, सोहराब अंसारी, राजकुमार सिंह और सुधीर कुमार सिंह समेत दर्जनों लोगों ने बधाई दी.

बेटियों की सफलता बनी प्रेरणा

एक ही परिवार की दो बहनों का एक साथ NET परीक्षा पास करना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. उनकी सफलता यह संदेश देती है कि सही लक्ष्य, लगातार मेहनत और परिवार के सहयोग से बेटियां भी शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं.

Also Read : सारण के गांव से डेथ वैली तक शैलेश की ऐतिहासिक उड़ान, किसान के बेटे ने 29 घंटे में 217 किमी दौड़कर बनाया रिकॉर्ड



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन