छपरा में विद्यार्थी सहयोग शिविर, 400 छात्रों ने अधिकारियों से किया सीधा संवाद; समस्याओं के समाधान का भरोसा
छात्रों को संबोधित करते डीएम
लोकनायक जयप्रकाश इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, छपरा में 'सबका सम्मान, जीवन आसान' अभियान के तहत विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन हुआ. 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अपनी शैक्षणिक और संस्थागत समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा, जिनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया.
विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के तहत लोकनायक जयप्रकाश इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, छपरा में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं संस्थागत समस्याओं, शिकायतों और सुझावों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था.
आपके शहर में
शिविर में करीब 400 छात्र-छात्राओं के साथ संस्थान के सभी संकाय सदस्य और कर्मचारी मौजूद रहे. विद्यार्थियों ने अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याओं और सुझावों को रखा. शिकायतें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से दर्ज की गयीं.
विद्यार्थियों की समस्या का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान प्रशासन एवं संस्थान की प्राथमिकता है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी समस्याओं को उचित माध्यम से दर्ज कराने तथा उपलब्ध सुविधाओं का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की.
डीएम ने कहा कि विद्यार्थी बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका नियमानुसार समाधान कराया जा सके.
एसएसपी ने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की
एसएसपी रौशन कुमार ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया. उन्होंने अनुशासन, सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक के रूप में विद्यार्थियों की भूमिका पर जोर दिया.
वहीं, प्राचार्य डॉ. बिमल कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर विद्यार्थियों और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
अधिकारियों से सीधे संवाद कर छात्रों ने रखी समस्याएं
कार्यक्रम में छपरा के एसडीएम नीतेश कुमार, जीपीआरओ छपरा सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान विद्यार्थियों को अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला.
छात्र-छात्राओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को पदाधिकारियों के सामने रखा. इसके अलावा विद्यार्थियों ने अपनी शिकायतें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से दर्ज करायीं, ताकि प्रत्येक मामले का उचित संज्ञान लेकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके.
छात्रावास, पेयजल और कैंटीन समेत कई मुद्दों पर हुई सुनवाई
विद्यार्थी सहयोग शिविर में शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा, छात्रावास, पेयजल, शौचालय, कैंटीन सहित विद्यार्थियों से जुड़ी अन्य समस्याओं पर सुनवाई की गयी.
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को शिकायत और सुझाव दर्ज कराने के लिए उपलब्ध विभिन्न माध्यमों की जानकारी भी दी गयी. अधिकारियों और संस्थान प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को उनकी समस्याओं के उचित समाधान का भरोसा दिलाया गया.
विद्यार्थियों की भागीदारी से सफल रहा शिविर
संस्थान प्रशासन ने शिविर में शामिल सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया. विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी, अधिकारियों के साथ सीधे संवाद तथा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शिकायतों के पंजीकरण के कारण विद्यार्थी सहयोग शिविर को सफल और प्रभावी बताया गया.
इसे भी पढ़ें: TRE-4 की पीटी में बदल सकता है सिलेबस, बिहार से होंगे 30% प्रश्न, शिक्षा विभाग ने BPSC को भेजा पत्र
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए