सारण: जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर सहायक निदेशक अंगद सिंह ने किया नगर व प्रखंड चार्ज का दौरा, डेटा गुणवत्ता की जांच
बैठक करते पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत, सारण जिले में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया. सहायक निदेशक अंगद सिंह ने डेटा संकलन और गुणवत्ता की गहन समीक्षा की, जिसमें भविष्य की योजनाओं के लिए आंकड़ों की शुद्धता पर जोर दिया गया.
Saran News: भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत चल रहे जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए जनगणना कार्य निदेशालय (बिहार) के सहायक निदेशक अंगद सिंह ने शुक्रवार को सारण जिले का विस्तृत दौरा किया. उन्होंने छपरा नगर निगम सहित नगरा एवं छपरा सदर प्रखंड चार्ज का स्थलीय निरीक्षण किया और ग्रामीण व शहरी निर्देशिका के डेटा संकलन (डेटा कलेक्शन) कार्य की गहन समीक्षा की.
आपके शहर में
निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व ग्रामवार संकलित डेटा के फाइनल सबमिशन की स्थिति, अद्यतन प्रगति और डेटा की प्रामाणिकता की बारीकी से जांच की.
योजना और विकास का आधार हैं आंकड़े, डेटा में न हो कोई त्रुटि: सहायक निदेशक
सहायक निदेशक अंगद सिंह ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि डीसीएचबी के आंकड़े भविष्य की नीति निर्माण, विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों का मुख्य आधार बनते हैं. इसलिए आंकड़ों की शुद्धता और सटीकता पर विशेष ध्यान देना अनिवार्य है.
उन्होंने चार्ज अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि जब तक फील्ड अधिकारियों द्वारा सबमिट किए गए एक-एक डेटा की क्रॉस चेकिंग कर उसकी प्रामाणिकता की पुष्टि न हो जाए, तब तक पोर्टल पर डेटा को अंतिम रूप से अप्रूव न किया जाए. फाइनल अप्रूवल निदेशालय से आदेश मिलने के बाद ही दिया जाएगा.
वर्किंग मैप पर जनसुविधाओं की होगी इंडेक्स नंबरिंग
श्री सिंह ने चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व ग्रामों के दिल्ली से प्राप्त वर्किंग मैप पर फील्ड अधिकारियों के माध्यम से स्थानीय जनसुविधाओं की इंडेक्स नंबरिंग द्वारा स्थलीय मार्किंग का कार्य तत्काल शुरू कराया जाए. इसके साथ ही क्षेत्र में आए महत्वपूर्ण बदलावों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला नोडल पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
'शून्य त्रुटि' के साथ सारण डीसीएचबी को आदर्श बनाने का लक्ष्य
जिला नोडल पदाधिकारी (DCO) अदिति आनंद एवं सहयोगी पदाधिकारी आयुषी सिंह ने सभी चार्ज प्रभारियों से कहा कि वे अपनी निगरानी में फील्ड फंक्शनरीज से आवंटित गांवों का फाइनल सबमिशन सुनिश्चित कराएं. इसके बाद तुरंत क्रॉस चेकिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि 'शून्य त्रुटि' (Zero Error) का लक्ष्य हासिल कर सारण की डीसीएचबी को राज्य भर में एक मॉडल और उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया जा सके.
इस समीक्षा बैठक व निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त अरशद इमाम, नगरा बीडीओ अनुभव कुमार, सदर बीडीओ राहुल कुमार तथा बीएओ राजनारायण कुमार सहित कई तकनीकी व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए