सारण: सावन पूर्णिमा पर बाबा हरिहरनाथ के दरबार में पहुंचे बिहार सरकार के तीन मंत्री, विधि-विधान से की पूजा-अर्चना व जलाभिषेक
हरिहरनाथ मंदिर में पूजा करते मंत्री अशोक चौधरी | Prabhat Khabar Network
सावन पूर्णिमा और रक्षाबंधन के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. बिहार सरकार के तीन कैबिनेट मंत्रियों ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की.
Saran News: सावन पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन के पावन पर्व पर विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के साथ-साथ गणमान्य राजनेताओं का तांता लगा रहा. इस अवसर पर बिहार सरकार के तीन कैबिनेट मंत्रियों ने बाबा हरिहरनाथ के दरबार में पहुंचकर मत्था टेका और विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना व जलाभिषेक कर राज्य एवं देश की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की.
आपके शहर में
मंदिर में दर्शन-पूजन करने वालों में बिहार सरकार के भवन निर्माण तथा खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी तथा खान एवं भूतत्व और कला, संस्कृति एवं युवा विभाग मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी शामिल रहे.
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ विशेष रुद्राभिषेक व पूजन
मंदिर परिसर पहुंचने पर तीनों मंत्रियों का बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया गया. मंदिर के मुख्य अर्चकों व पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच मंत्रियों से विशेष संकल्प कराकर बाबा हरिहरनाथ का षोडशोपचार पूजन व जलाभिषेक संपन्न कराया.
न्यास समिति ने अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न देकर किया सम्मानित
पूजा-अर्चना के उपरांत मंदिर न्यास समिति के सचिव एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सभी मंत्रियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया. इसके साथ ही उन्हें बाबा हरिहरनाथ का विशेष प्रसाद और मंदिर का प्रतीक चिह्न (स्मृति-चिह्न) भेंट स्वरूप प्रदान किया गया.
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. सावन पूर्णिमा और रक्षाबंधन के पावन संयोग के चलते पूरे सोनपुर नगर और मंदिर परिसर में दिनभर 'हर-हर महादेव' के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए