सारण: बाढ़ में खाकी का मानवीय चेहरा, नंगे पैर कंधे पर बांस लेकर तटबंध बचाने उतरे DySP HQ अभिषेक सिंह
नंगे पैर कंधे पर बांस लेकर तटबंध बचाने उतरे DySP HQ अभिषेक सिंह
छपरा में माही नदी का तटबंध टूटने की सूचना पर DySP HQ अभिषेक सिंह खुद पानी और कीचड़ में उतर गए. उन्होंने मजदूरों के साथ मिलकर तटबंध को बचाने का प्रयास किया. उनका यह कार्य सोशल मीडिया पर सराहा जा रहा है.
छपरा से आदर्श गुप्ता की रिपोर्ट.
आपके शहर में
Saran Flood Update : छपरा (सारण). बाढ़ और आपदा के बीच जब अधिकारी खुद मैदान में उतरकर राहत और बचाव कार्य में जुटते हैं, तो लोगों का हौसला बढ़ता है. सारण जिले में भी ऐसी ही एक तस्वीर सामने आयी है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में छपरा के DySP HQ अभिषेक सिंह नंगे पैर पानी और कीचड़ के बीच कंधे पर बांस उठाकर तटबंध के टूटे हिस्से की ओर जाते नजर आ रहे हैं.
जूते उतारकर पानी में उतरे DySP HQ
दिघवारा प्रखंड के केसरपुर, त्रिलोकचक पंचायत के पास माही नदी का दायां तटबंध टूटने के बाद पानी का बहाव तेज हो गया था. स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग की टीम ने तटबंध की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू किया.
इसी दौरान मौके पर मौजूद DySP HQ अभिषेक सिंह ने जूते उतार दिए और खुद पानी व कीचड़ में उतर गये. वायरल वीडियो में वह कंधे पर बांस उठाकर टूटे तटबंध की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं.
View on Instagram
मजदूरों और जवानों के साथ मिलकर संभाला मोर्चा
तटबंध की मरम्मत के दौरान बांस, सैंड बैग और अन्य सामग्री की मदद से पानी के बहाव को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा था. DySP HQ के खुद राहत कार्य में शामिल होने से मौके पर मौजूद मजदूरों, पुलिसकर्मियों और जल संसाधन विभाग के कर्मियों का भी उत्साह बढ़ा.
सुबह 5:30 बजे टूटा था तटबंध
जानकारी के अनुसार 5 सितंबर की सुबह करीब 5:30 बजे माही नदी के दायें तटबंध पर पानी का दबाव बढ़ने के कारण करीब 12 मीटर हिस्सा टूट गया था. तटबंध टूटते ही पानी आसपास के रिहायशी इलाकों की ओर तेजी से फैलने लगा.
इससे दिघवारा प्रखंड की कई पंचायतों और आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया. प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया.
डीएम-एसपी समेत अधिकारी मौके पर डटे
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. डीएम और एसपी के अलावा जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता, कार्यपालक अभियंता और अन्य तकनीकी अधिकारी भी तटबंध की मरम्मत की निगरानी में जुटे हैं.
वहीं प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य के लिए NDRF और SDRF की टीमें तैनात की गयी हैं. टूटे तटबंध को जल्द से जल्द बंद करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है.
सोशल मीडिया पर DySP HQ के जज्बे की चर्चा
बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच DySP HQ अभिषेक सिंह का खुद पानी और कीचड़ में उतरकर राहत कार्य में हाथ बंटाना चर्चा का विषय बना हुआ है. वायरल वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उनकी सक्रियता और संवेदनशीलता की सराहना कर रहे हैं.
आपदा के समय अधिकारी का खुद मौके पर मौजूद रहना और राहत कार्य में सीधे शामिल होना टीम का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ प्रभावित लोगों के बीच भरोसा भी पैदा करता है. सारण में सामने आयी यह तस्वीर पुलिस की वर्दी के पीछे छिपे मानवीय और संवेदनशील चेहरे की झलक दिखाती है.
Also Read : Watch VIDEO: ‘रात में क्या होगा पता नहीं’, छपरा में बाढ़ का कहर; घर डूबे तो छत बनी सहारा, सड़क पर जिंदगी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए