अभियान बसेरा-2 के लिए 22 सितंबर को सभी अंचलों में विशेष शिविर, भूमि संबंधी मामलों के आवेदन अंचल स्तर पर ही लिये जाएंगे

Updated:
विज्ञापन

बैठक में शामिल डीएम व अन्य  | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सारण में 22 सितंबर को सभी अंचलों में भूमि मामलों के लिए विशेष शिविर लगेंगे. लोगों को अब अंचल स्तर पर ही अपनी समस्याओं का समाधान मिलेगा. गुमराह करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी.

विज्ञापन

Saran News : छपरा जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में साप्ताहिक समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गयी. इसमें विभिन्न विभागों और प्रखंड-अंचल स्तर से संबंधित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गयी. जिलाधिकारी ने अभियान बसेरा-2 की समीक्षा करते हुए 22 सितंबर को जिले के सभी अंचलों में विशेष सहयोग शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी मामलों के समाधान के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से दूसरे स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं हो, इसके लिए अंचल स्तर पर ही आवेदन लेकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाये.

विज्ञापन

22 सितंबर को सभी अंचलों में लगेगा विशेष शिविर

डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि 22 सितंबर को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष सहयोग शिविर आयोजित करें. शिविर से पहले संबंधित अंचलों में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की जानकारी देने को कहा गया. जनप्रतिनिधियों के माध्यम से आम लोगों को शिविर में पहुंचकर भूमि संबंधी मामलों के समाधान के लिए आवेदन देने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया.

भूमि विवाद संबंधी आवेदनों पर होगी नियमानुसार कार्रवाई

जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि संबंधी मामलों और भूमि बंदोबस्ती से जुड़े कार्य अंचल स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपादित किये जायेंगे. विशेष सहयोग शिविर में आम लोग अपने मामलों के निराकरण के लिए आवेदन दे सकेंगे. प्रत्येक आवेदन की प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.

उन्होंने अंचल कार्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क पर आवश्यक सूचनाएं व्यवस्थित तरीके से प्रदर्शित करने को कहा, ताकि लोगों को भूमि संबंधी मामलों में सही जानकारी मिल सके.

माइकिंग से होगा शिविर का प्रचार-प्रसार

विशेष शिविर को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया. इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में माइकिंग कराने को कहा गया. साथ ही जीविका दीदियों को भी अभियान के संदेश के प्रचार-प्रसार में सक्रिय करने की बात कही गयी, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक शिविर की जानकारी पहुंच सके.

डीएम ने कहा कि आम लोगों को अपने संबंधित अंचल में ही आवेदन देकर मामलों का समाधान कराने के लिए जागरूक किया जाये. इससे उन्हें भूमि संबंधी मामलों को लेकर राज्य मुख्यालय या अन्य स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

भूमि मामलों में लोगों को गुमराह करने वालों पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता एवं भूमि बंदोबस्ती से संबंधित सभी आवेदनों को अंचल स्तर पर संबंधित पंजी में संधारित कराने का निर्देश दिया. जिला कल्याण पदाधिकारी को सभी विकास मित्रों के साथ बैठक कर फीडबैक लेने को कहा गया कि कहीं कोई व्यक्ति आम लोगों को भूमि संबंधी मामलों में गुमराह कर पटना या अन्य स्थानों पर जाने के लिए प्रेरित तो नहीं कर रहा है.

उन्होंने ऐसी स्थिति सामने आने पर संबंधित व्यक्ति को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. डीएम ने स्पष्ट किया कि भूमि बंदोबस्ती से संबंधित कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित अंचल में ही संपादित किया जाना है.

मिशन कायाकल्प की योजनाओं को जल्द अंतिम रूप देने का निर्देश

बैठक में मिशन कायाकल्प के तहत प्रस्तावित कार्यों और योजनाओं की भी समीक्षा की गयी. सभी प्रखंडों को अपने-अपने प्रस्तावित कार्यों एवं योजनाओं को शीघ्र अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया.

इसके अलावा साप्ताहिक समन्वय से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गयी. सीडब्ल्यूजेसी और एमजेसी से संबंधित लंबित मामलों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं करने का निर्देश दिया गया. सीपीग्राम, लोक सूचना अपीलीय कोषांग और नकारात्मक समाचारों के विरुद्ध प्राप्त प्रतिवेदनों समेत अन्य महत्वपूर्ण मामलों की भी समीक्षा हुई.

विभागों से मांगी गयी जनोपयोगी कार्यों की सक्सेस स्टोरी

मिशन कायाकल्प के तहत सक्सेस स्टोरी को लेकर भी डीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर किये जा रहे उल्लेखनीय और जनोपयोगी कार्यों की सफलता की कहानियां साझा की जायें. इसके लिए डीडीसी को गूगल फॉर्म या पोर्टल तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि सभी विभाग अपनी सक्सेस स्टोरी निर्धारित माध्यम से साझा कर सकें.

जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन