दिघवारा : छपरा-हाजीपुर सड़क पर दिघवारा थाना क्षेत्र की बाईसगामा ईदगाह के पास बुधवार की देर रात हुई एक सड़क दुर्घटना में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दोनों बाइकों पर सवार तीन युवकों में दो की मौत हो गयी जबकि एक युवक मौत से जूझ रहा है. एक युवक की देर रात मौके पर ही मौत हो गयी थी जबकि दूसरे ने इलाज के क्रम में दम तोड़ दिया. मृतकों में एक की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के पांडेय टोला निवासी वीरेंद्र राय के 25 वर्षीय पुत्र संजीत कुमार राय जबकि दूसरे की पहचान दिघवारा थाना क्षेत्र के मीरपुर भुआल निवासी स्व त्रिलोकी प्रसाद के 20 वर्षीय पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है.
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया. घायल युवक की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के मुकुंद राय टोला निवासी अमरनाथ राय के 20 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार राय के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, बुधवार की रात ईदगाह के समीप दो बाइकों की टक्कर में तीन युवक घायल हो गये थे. परिजनों के अनुसार विजय ईद के मौके पर अपने दोस्त से मिलने मानुपुर जा रहा था जबकि संजीत अपने दोस्त के साथ पीरगंज स्थित अपनी ससुराल जा रहा था तभी सैदपुर के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गयी थी.
तेज रफ्तार ने छीनी दो परिवारों की खुशियां : बुधवार की रात तेज रफ्तार की दो बाइकों की आपसी टक्कर ने दो परिवारों की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया और दोनों परिवारों ने अपने-अपने घर का एक एक लाल हमेशा के लिए खो दिया. दिघवारा के विजय व डोरीगंज के संजीत की मौत ने दो परिवारों को जीवन भर नहीं भूल पाने का सदमा दे दिया. दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों की दशा देखकर ऐसा लगता है कि दोनों बाइकों की रफ्तार काफी अधिक थी, जिस कारण दोनों इतने गंभीर रूप से घायल हुए कि मौत से ज्यादा जूझ नहीं सके और दोनों की जानें चली गयीं.
घटना के समय खौफनाक था घटनास्थल का मंजर
घटना इतनी भयावह थी कि दोनों बाइकों के परखचे उड़ गये थे और घटनास्थल के समीप खौफनाक मंजर था. एक युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया था जबकि दो अन्य युवक सड़क पर घायल होकर तड़प रहे थे और दोनों के शरीर से खून रुकने का नाम नहीं ले रहा था. हर कोई इस दृश्य को देखकर भयभीत था.
मगर पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने तत्परता दिखायी और सबों को तुरंत वाहन पर लाद दिया. थानाध्यक्ष मिहिर कुमार, एएसआइ मनोज कुमार शर्मा, जनार्दन सिंह चौहान व नरेंद्र सिंह पुटुन समेत कई स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिघवारा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों को तुरंत बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
मार्च में ही हुई थी संजीत की शादी
दुर्घटना में डोरीगंज के जिस संजीत की मौत हुई वह दो भाइयों में छोटा था एवं उसके पिता एक सामान्य किसान थे. उसकी शादी मार्च में ही हुई थी. संजीत बुधवार को अपने घर से अपने दोस्त के साथ बाइक से शीतलपुर के पीरगंज स्थित ससुराल के लिए रवाना हुआ था मगर ईदगाह के समीप ही दुर्घटना में उसकी मौके पर ही जान चली गयी. संजीत की मौत की खबर मिलते ही पीरगंज स्थित उसकी ससुराल व उसके घर से लोगों का सीएचसी पहुंचना शुरू हो गया था. देर रात तक उसके अंतिम दर्शन के लिए परिजन पहुंचने लगे.
विजय के परिजन बेहाल
घटना के बाद दिघवारा के विजय का शव जैसे ही उसके मीरपुर भुआल स्थित उसके घर पहुंचा तो उसके शव से लिपटकर परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे और हर किसी का रोते-रोते बुरा हाल था. बूढ़ी दादी समेत भाई अजय, राजू व मनीष समेत सभी बहनों का रोते-रोते बुरा हाल था. भाई के शव से लिपटकर बहन रोते-रोते बार-बार बेहोश हो जा रही थी तो राजन, बंटी, अमित, बैजू आदि परिजनों को सांत्वना देने में जुटे थे.
बंद रहीं सभी दुकानें
ग्रामीणों के अनुसार विजय काफी व्यवहार कुशल था और गांव के लोगों से उसकी काफी पटती थी. शायद यही वजह थी कि जैसे ही विजय की मौत की खबर शंकरपुर रोड पहुंची, तो सभी दुकानदार शोक में डूब गये और गमजदा सभी दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानों को बंद रखा. इतना ही नहीं विजय चकनूर के रिजल्ट जोन नामक जिस कोचिंग में पढ़ता था उसमें भी गुरुवार को शोक मनाने के बाद छुट्टी दे दी गयी.