समस्तीपुर के कल्याणपुर में पिकअप और ऑटो की टक्कर, महिला की मौत, तीन अन्य घायल

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

समस्तीपुर के कल्याणपुर में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से यात्री ऑटो में सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।

विज्ञापन

Samastipur Road Accident: समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पूसा-कल्याणपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मुख्य पथ पर स्थित जनता चौक के समीप पूसा की ओर से आ रहे मुर्गा लदे एक तेज रफ्तार मालवाहक पिकअप ने विपरीत दिशा से आ रहे एक यात्री ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. हादसे के बाद आसपास के दुकानदार, स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया.

विज्ञापन

Pickup Auto Collision: ऑटो सवार महिला की मौत, तीन अन्य गंभीर घायल

इस दुर्घटना में ऑटो पर सवार एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई और इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. मृतका की पहचान मधुरापुर टारा पंचायत के वार्ड संख्या 13 स्थित मोहनपुर गांव निवासी जितेंद्र पासवान की 36 वर्षीय पत्नी मुन्नी देवी के रूप में की गई है. वहीं, इस हादसे में ऑटो पर सवार तीन अन्य यात्रियों को भी गंभीर चोटें आई हैं. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए पास के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर चिकित्सक नजर बनाए हुए हैं.

पिकअप लेकर चालक फरार, सड़क पर लगाया जाम

हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक अपने वाहन समेत मौके से तेजी से भाग निकला. वहीं, दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजन और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने मुन्नी देवी के शव को पूसा-कल्याणपुर मुख्य मार्ग के जनता चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया. स्थानीय लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लापरवाह और तेज रफ्तार वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे. सड़क जाम रहने के कारण दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं.

पुलिस ने संभाला मोर्चा, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना और चक्का जाम की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों और परिजनों को समझा-बुझाकर व हरसंभव कानूनी कार्रवाई का भरोसा देकर जाम को समाप्त कराया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर थाने भेज दिया है. कल्याणपुर थानाध्यक्ष रणवीर कुमार रावत ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है. उन्होंने कहा कि मृतका के परिजनों से मिलने वाले लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार पिकअप चालक की तलाश जारी है.

यह भी पढ़ें...मुर्गी और बकरी पालन से बढ़ेगी किसानों की आमदनी, कम लागत में अधिक मुनाफे के बताए उपाय

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन