हथियार के साथ दो गिरफ्तार, 16 साल पुराने लंबू हत्याकांड का फरार आरोपी भी दबोचा गया

Author Ankur kumar|Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन
हथियार के साथ दो गिरफ्तार, दो वाहन भी जब्त

समस्तीपुर में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दो आरोपितों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में 16 साल पुराने चर्चित अजीतेश कुमार उर्फ लंबू हत्याकांड का नामजद और फरार आरोपी विमलेश राय भी शामिल है.

विज्ञापन

Samastipur News: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर चांदनी चौक के पास सोमवार सुबह पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी कर स्कॉर्पियो और कार पर सवार दो आरोपितों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, दोनों वाहनों पर सवार अन्य कई लोग मौके से फरार हो गए.

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खरीदाबाद मगरदही निवासी विमलेश राय उर्फ विमलेश कुमार तथा मोहनपुर वार्ड-43 निवासी पल्लव कुमार उर्फ प्रशांत के रूप में हुई है.

रिवॉल्वर और कारतूस बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने विमलेश कुमार के पास से एक रिवॉल्वर और तीन कारतूस बरामद किए. इसके अलावा स्कॉर्पियो और कार को भी जब्त कर लिया गया. पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

गुप्त सूचना पर हुई घेराबंदी

मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिली थी कि दो अलग-अलग चारपहिया वाहनों से हथियारबंद लोग विशनपुर की ओर से समस्तीपुर आ रहे हैं. इसके बाद पुलिस टीम और गश्ती दल ने घेराबंदी कर कार्रवाई की.

16 साल पुराने लंबू हत्याकांड में भी था फरार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार विमलेश राय वर्ष 2010 में हुए चर्चित अजीतेश कुमार उर्फ लंबू हत्याकांड का नामजद आरोपी है. नगर थाना क्षेत्र के अनुरूप टॉकीज के सामने हुई इस हत्या के मामले में वह लंबे समय से फरार चल रहा था.

इस मामले में उसके खिलाफ न्यायालय के आदेश पर पहले इश्तेहार चस्पा किया गया था, बाद में वारंट और कुर्की की कार्रवाई भी की गई थी. इसके बावजूद उसने अदालत में आत्मसमर्पण नहीं किया था.

आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस सूत्रों के अनुसार विमलेश राय का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है. फिलहाल फरार अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है.


विज्ञापन
Ankur Kumar

लेखक के बारे में

By Ankur Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन