यात्रियों की नींद का फायदा उठाकर करते थे चोरी, समस्तीपुर में RPF ने 3 मोबाइल चोरों को दबोचा

यात्रियों की नींद का फायदा उठाकर करते थे चोरी, समस्तीपुर में RPF ने 3 मोबाइल चोरों को दबोचा
रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले तीन शातिर चोरों को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गिरफ्तार किया है. इनके पास से चोरी के तीन मोबाइल और बैग काटने के ब्लेड बरामद हुए हैं. पूछताछ में आरोपियों ने कई घटनाओं में शामिल होने की बात कबूली है.
Samastipur Crime: रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले तीन आरोपितों को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गिरफ्तार किया है. तीनों के पास से चोरी के तीन मोबाइल बरामद किए गए हैं. पूछताछ में आरोपितों ने स्टेशन और चलती ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने की बात स्वीकार की है. उनके पास से बैग काटने में इस्तेमाल होने वाले दो पुराने ब्लेड भी बरामद किए गए हैं.
वाशिंग पिट के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे थे तीनों
यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत की गई. जानकारी के अनुसार, आरपीएफ को वाशिंग पिट ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षी राधेश्याम कुमार से सूचना मिली कि तीन संदिग्ध युवक इलाके में घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक श्यामसुंदर कुमार, लाखन सिंह और सीआईबी के संतोष कुमार झा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की.
टीम ने पूर्वी यार्ड स्थित पुराने माल गोदाम के पास पीडब्ल्यूआई गैंग हट के समीप तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया. पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के मोबाइल बरामद किए गए.
कमर में छिपाकर रखा था चोरी का मोबाइल
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लक्ष्मण चौधरी, निवासी पुरनाही, थाना वारिसनगर, समस्तीपुर, दिलीप कुमार, निवासी मानोपुर रुदौली, थाना बछवाड़ा, बेगूसराय और मिथुन कुमार, निवासी अकबरपुर, थाना वारिसनगर के रूप में हुई है.
तलाशी के दौरान लक्ष्मण चौधरी के पास से एमआई कंपनी का पुराना एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ. वहीं दिलीप कुमार के पास से भी एमआई कंपनी का एक काले रंग का पुराना मोबाइल मिला. उसके पर्स से दो पुराने ब्लेड भी बरामद किए गए. पूछताछ में दिलीप ने बताया कि इन ब्लेड का इस्तेमाल यात्रियों के बैग काटने के लिए किया जाता था.
तीसरे आरोपित मिथुन कुमार के पास से भी एक मोबाइल बरामद हुआ. तीनों से मोबाइल के बारे में पूछताछ की गई तो उन्होंने इसे यात्रियों से चोरी करना स्वीकार किया.
कई घटनाओं में शामिल होने की बात कबूली
आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ के दौरान तीनों आरोपितों ने समस्तीपुर स्टेशन और आने-जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी करने की बात स्वीकार की है. जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों पहले भी इस तरह की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं.
बरामद तीनों मोबाइल को जब्ती सूची तैयार कर जब्त कर लिया गया. इसके बाद आरोपितों और बरामद सामान को रेल थाना समस्तीपुर को सौंप दिया गया. रेल थाना अध्यक्ष बीरबल कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढे़ं: डीजे बजाने का विरोध करना पड़ा भारी, वृद्ध दंपती पर लाठी-रॉड से हमला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










