ताजपुर व बंगरा में चोरों का तांडव, बंद पड़े चार घरों से नकदी व लाखों के जेवरात की चोरी
ताजपुर व बंगरा में चोरों का तांडव, बंद पड़े चार घरों से नकदी व लाखों के जेवरात की चोरी
ताजपुर और बंगरा थाना क्षेत्र में चोरों ने बंद घरों को निशाना बनाया। नगदी और लाखों के जेवरात चोरी होने से हड़कंप, पुलिस मामले की जांच में जुटी।
ताजपुर चोरी कांड: समस्तीपुर जिले के ताजपुर और बंगरा थाना क्षेत्र में अज्ञात चोर गिरोह ने बंद घरों को निशाना बनाते हुए जमकर उत्पात मचाया. रक्षाबंधन पर्व के दौरान खाली पड़े अलग-अलग चार घरों के ताले तोड़कर चोरों ने नकदी सहित लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात उड़ा लिए. एक ही रात में हुई इन सिलसिलेवार घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
आपके शहर में
रक्षाबंधन पर बाहर गए थे गृहस्वामी, चोरों ने तोड़े ताले
ताजपुर थाना क्षेत्र के वार्ड 20 हरिशंकरपुर बघौनी निवासी मुकेश कुमार महतो उर्फ शंकर महतो शनिवार की रात अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाने रिश्तेदार के यहां गए थे. चोरों ने घर का ताला तोड़कर गोदरेज अलमीरा और बक्से से 45 हजार रुपये नकद व डेढ़ भरी सोने के जेवरात चुरा लिए. गृहस्वामी के अनुसार करीब ढाई लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है.
चोरी की घटनाओं का प्रमुख विवरण:
- हरिशंकरपुर बघौनी (ताजपुर): मुकेश महतो के घर से 45 हजार रुपये नकद व डेढ़ भरी सोने के जेवरात की चोरी.
- सिरसिया गांव (बंगरा): हरिओम गिरी और दीपक कुमार के बंद घरों से जेवरात, नकदी सहित बच्चों के गुल्लक तोड़कर नकदी चोरी.
- अषाढ़ी गांव (ताजपुर): परदेस में रहने वाले विनोद कुमार ठाकुर के बंद मकान में चोरी. पीड़ित के मुताबिक उनके घर में यह 10वीं बार चोरी हुई है.
पीड़ितों ने थाने में दिया आवेदन
घटना की सूचना मिलने के बाद गृहस्वामियों ने संबंधित थानों में लिखित आवेदन दिया है. पुलिस ने सभी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और अज्ञात चोरों की शिनाख्त कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: कलह ने छीनी मां की ममता, 10 दिन की बिलखती नवजात को देख रो पड़ा पूरा गांव, दादा-दादी के कंधों पर जिम्मेदारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए