समस्तीपुर में बिहार STF की बड़ी कार्रवाई, हत्या मामले में वांछित अंटू ईशर गिरफ्तार
पुलिस गिरफ्त में आरोपित | Prabhat Khabar Network
बिहार एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे अंटू ईशर को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी समस्तीपुर शहर से हुई है. इस मामले में आगे की जांच जारी है.
Bihar STF Action: एसटीएफ ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त अंटू ईशर को गिरफ्तार कर लिया. संयुक्त टीम ने समस्तीपुर शहर के बहादुरपुर मोहल्ला स्थित उसके आवास पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर उसे दबोचा. कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के रूप में समस्तीपुर के अंचलाधिकारी (सीओ) भी मौजूद रहे. छापेमारी के दौरान पुलिस ने साक्ष्य संकलन के तहत आवास में लगे सीसीटीवी कैमरों का हार्ड डिस्क जब्त कर लिया है.
Samastipur Crime News: हाजीपुर गंगाब्रिज थाना में दर्ज हत्या मामले में था वारंट
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के हाजीपुर गंगाब्रिज थाने में दर्ज हत्या के एक संगीन मामले में अंटू ईशर मुख्य नामजद अभियुक्त है. कोर्ट द्वारा उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था, जिसके बाद से ही पुलिस और एसटीएफ की विशेष टीमें उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थीं. मंगलवार को एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली कि वह बहादुरपुर स्थित अपने घर पर मौजूद है. सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ की टीम उसे कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अपने साथ लेकर रवाना हो गई.
17 फरवरी को बहादुरपुर में हुआ था खूनी गैंगवार
मामले की जड़ें बीते 17 फरवरी की रात समस्तीपुर शहर के बहादुरपुर में हुए चर्चित गैंगवार से जुड़ी हैं. उस रात हथियारों से लैस हमलावरों ने बहादुरपुर मोहल्ले में अंटू ईशर को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की थी. उस हमले में अंटू ईशर बाल-बाल बच गया था, जबकि उसका सहयोगी शुभम कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया था. दूसरी ओर, जवाबी कार्रवाई और गोलीबारी के दौरान हमलावरों में शामिल जहानाबाद निवासी भानु को भी गोली लगी थी.
कार में शव छोड़कर भागे थे अपराधी, एक आरोपी पहले ही जेल में
गोली लगने के बाद भानु के सहयोगी उसे एक कार में बैठाकर मौके से फरार हो गए थे, लेकिन अत्यधिक खून बहने के कारण रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. इसके बाद अपराधी हाजीपुर के गंगाब्रिज थाना क्षेत्र में लावारिस कार के भीतर भानु का शव छोड़कर भाग निकले थे. सूचना पर गंगाब्रिज थाना पुलिस ने शव और वाहन को बरामद कर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी. पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में अंटू ईशर, शुभम सिंह उर्फ ईशु और मालगोदाम निवासी राहुल यादव उर्फ चुसनी को नामजद किया गया था. इनमें से राहुल उर्फ चुसनी को नगर थाना पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
यह भी पढ़ें... समस्तीपुर के कल्याणपुर में पिकअप और ऑटो की टक्कर, महिला की मौत, तीन अन्य घायल
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए