मधुबनी से मुरलीगंज तक 21 स्टेशन होंगे हाईटेक, ₹233 करोड़ से बदलेगी रेलवे की सिग्नलिंग व्यवस्था
प्रतीकात्मक तस्वीर
पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के 21 स्टेशनों पर सिग्नलिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाया जा रहा है। ₹233 करोड़ की लागत से इन स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग की व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे ट्रेनों का परिचालन और सुरक्षा दोनों बेहतर होंगे।
समस्तीपुर: पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के 21 स्टेशनों पर सिग्नलिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने की तैयारी है. रेलवे ने इन स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग की व्यवस्था के लिए कुल 233 करोड़ रुपये की लागत से कार्य को स्वीकृति दी है. इसके तहत वर्तमान पैनल इंटरलॉकिंग प्रणाली को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग से बदला जायेगा.
आपके शहर में
मधुबनी समेत इन 21 स्टेशनों पर होगा काम
स्वीकृत योजना के तहत मधुबनी, अंगार घाट, बदला घाट, धमारा घाट, रुसेरा घाट, रामगढ़वा, भगवानपुर देसुआ, नरहन, नयानगर, राजनगर, सलौना, इमली, ओलापुर, कोपरिया, सिमरी बख्तियारपुर, सोनबरसा कचहरी, पंडौल, डॉ. श्रीकृष्ण सिंह नगर गढ़पुरा, बैजनाथपुर, बुधमा और मुरलीगंज स्टेशन पर सिग्नलिंग बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण किया जायेगा.
इन स्टेशनों पर मौजूदा पैनल इंटरलॉकिंग व्यवस्था को हटाकर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली स्थापित की जायेगी.
कवच के लिए भी मिलेगी आधुनिक सिग्नलिंग व्यवस्था
इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग लागू होने से समस्तीपुर मंडल में सिग्नलिंग बुनियादी ढांचा और मजबूत होगा. इससे स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच के कार्यान्वयन को भी सुगम बनाने में मदद मिलेगी.
आधुनिक सिग्नलिंग व्यवस्था से चिन्हित स्टेशनों पर ट्रेनों के परिचालन और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
कंप्यूटर आधारित होगी इंटरलॉकिंग प्रणाली
इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग आधुनिक सिग्नलिंग तकनीक है. इसमें पुरानी रिले आधारित प्रणाली की जगह कंप्यूटर आधारित इंटरलॉकिंग का इस्तेमाल किया जाता है. इससे सिग्नलिंग प्रणाली की विश्वसनीयता बढ़ाने, रखरखाव को आसान बनाने और परिचालन व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलती है.
पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि यह पहल रेलवे के सिग्नलिंग सिस्टम के आधुनिकीकरण, सुरक्षा को मजबूत करने और परिचालन दक्षता बढ़ाने की दिशा में किये जा रहे प्रयासों का हिस्सा है.
यह भी पढ़ें
समस्तीपुर में JDU महिला प्रकोष्ठ की बैठक, शिवरानी देवी ने दिया बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का संदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए