समस्तीपुर: दंगा नियंत्रण को लेकर क्यूआरटी जवानों को टीयर गैस फायर का विशेष प्रशिक्षण

Updated:
विज्ञापन
दुधपुरा हवाई अड्डा में टीयर गैस फायर का अभ्यास करते क्यूआरटी दल के पुलिस कर्मी  | Prabhat Khabar Network

दुधपुरा हवाई अड्डा में टीयर गैस फायर का अभ्यास करते क्यूआरटी दल के पुलिस कर्मी | Prabhat Khabar Network

समस्तीपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों को दंगारोधी ड्रिल और भीड़ प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है. गुरुवार को QRT के जवानों को टीयर गैस फायर का लक्ष्याभ्यास कराया गया.

विज्ञापन

Samastipur News: जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस कर्मियों को दंगारोधी ड्रिल, आधुनिक भीड़ प्रबंधन और दंगा नियंत्रण उपकरणों के उपयोग का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है. गुरुवार को एसपी अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित दुधपुरा हवाई अड्डा मैदान में क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) के जवानों को टीयर गैस फायर का विशेष प्रशिक्षण एवं लक्ष्याभ्यास कराया गया.

28 जवानों ने किया लक्ष्याभ्यास

प्रशिक्षण का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सुनील कुमार ने किया. इसमें पुलिस लाइन के 28 महिला एवं पुरुष जवान शामिल हुए. प्रशिक्षण के दौरान जवानों को टीयर गैस के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की तकनीकी जानकारी देने के साथ व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया. प्रत्येक जवान ने दो-दो राउंड टीयर गैस फायर कर लक्ष्याभ्यास किया.

प्रशिक्षकों ने साम्प्रदायिक तनाव, सड़क जाम, धरना-प्रदर्शन, वीवीआईपी कार्यक्रम तथा अन्य संवेदनशील परिस्थितियों में भीड़ नियंत्रण के लिए टीयर गैस के प्रभावी उपयोग की जानकारी भी दी.

सभी अनुमंडलों की क्यूआरटी टीमों को मिलेगा प्रशिक्षण

लाइन डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस लाइन की क्यूआरटी टीम को प्रशिक्षण दिया गया है. आगे जिले के सभी अनुमंडलों की क्यूआरटी टीमों को भी इसी प्रकार का विशेष प्रशिक्षण एवं लक्ष्याभ्यास कराया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

मौके पर मेजर मनीष कुमार, सार्जेंट लालू प्रसाद राजभर, प्राअनि ओमकेश सिंह एवं हवलदार जयप्रकाश सिंह भी उपस्थित रहे.

पटना में छात्रों के प्रदर्शन के बाद जिले में हाई अलर्ट

पटना में छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बाद बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है. पुलिस प्रशासन को रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव, प्रमुख बाजार, चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं.

क्विक रिस्पॉन्स टीमों को मुस्तैद रहने को कहा गया है. साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है. आपत्तिजनक एवं भ्रामक सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद समस्तीपुर जिला मुख्यालय और सभी अनुमंडलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. प्रमुख स्थानों पर क्यूआरटी की तैनाती की गई है, जबकि चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है.

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन


विज्ञापन
Ankur Kumar

लेखक के बारे में

By Ankur Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन