ड्रॉपआउट व अनामांकित बच्चों के लिए 5 सितंबर से शुरू होंगे ‘प्रयास केंद्र’, शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ेगी सरकार
ड्रॉपआउट व अनामांकित बच्चों के लिए 5 सितंबर से शुरू होंगे ‘प्रयास केंद्र’, शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ेगी सरकार
बिहार शिक्षा परियोजना समस्तीपुर द्वारा अनामांकित और छीजित बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए 5 सितंबर से प्रयास केंद्र शुरू किए जाएंगे। शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण।
प्रयास केंद्र समस्तीपुर: जिले में विद्यालयों से बाहर रह गए, अनामांकित और पढ़ाई छोड़ चुके छीजित (ड्रॉपआउट) बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बिहार शिक्षा परियोजना ने महत्वाकांक्षी पहल शुरू की है. वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में गैर-आवासीय विशेष प्रशिक्षण केंद्र अर्थात ‘प्रयास केंद्र’ का संचालन 5 सितंबर 2026 से प्रारंभ होगा. सर्व शिक्षा अभियान के डीपीओ शुभम कसौधन ने सभी बीईओ को इसके संचालन से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इसी क्रम में संबंधित शिक्षकों और लेखा सहायकों के लिए दो पालियों में ऑनलाइन उन्मुखीकरण प्रशिक्षण आयोजित किया गया.
आपके शहर में
8 से 14 वर्ष के बच्चों को मिलेगा 6 से 9 माह का प्रशिक्षण
प्रयास केंद्रों की रूपरेखा मुख्य रूप से 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के चिह्नित बच्चों पर केंद्रित है, जिन्हें उनकी उम्र के अनुसार अपेक्षित शैक्षणिक दक्षता प्रदान की जाएगी.
- लक्षित समूह: नवंबर-दिसंबर 2025 के गृहवार सर्वेक्षण में चिह्नित और वर्तमान में स्कूल से बाहर रहे ड्रॉपआउट बच्चे.
- संचालन अवधि: विद्यालय परिसर में ही नियमित स्कूल समय के दौरान न्यूनतम 6 माह तथा अधिकतम 9 माह तक संचालन होगा.
- पारदर्शिता: हर केंद्र पर अनिवार्य फ्लेक्स बैनर लगेगा, जिसमें शिक्षक, एचएम का नाम, संपर्क नंबर व नामांकित बच्चों की संख्या दर्ज रहेगी.
बेसलाइन और एंडलाइन असेसमेंट से होगी प्रगति की जांच
एपीओ सुरेश राम ने बताया कि बच्चों के सतत मूल्यांकन के लिए बेसलाइन असेसमेंट, साप्ताहिक जांच और कोर्स समाप्ति पर एंडलाइन असेसमेंट किया जाएगा. अपेक्षित दक्षता हासिल करते ही बच्चों को नियमित कक्षाओं में नामांकित कराया जाएगा. केंद्रों पर छात्र उपस्थिति पंजी, आगंतुक पंजी और चाइल्ड प्रोफाइल जैसे अभिलेख संधारित रहेंगे.
ये भी पढ़ें: उत्तर बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, 29 अगस्त से 2 सितंबर तक झमाझम बारिश के आसार, अलर्ट जारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए