उजियारपुर में वृद्ध किसान की पीट-पीटकर हत्या, ओल के खेत से बरामद हुआ शव, परिजनों में मचा कोहराम
मृतक के घर पर गमगीन परिजन | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर के उजियारपुर में ओल के खेत में वृद्ध किसान का शव मिलने से सनसनी। परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या की जताई आशंका, पुलिस जांच में जुटी।
उजियारपुर किसान हत्या: समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदचौर मध्य पंचायत के याजी टोल वार्ड आठ में अज्ञात बदमाशों ने एक 74 वर्षीय वृद्ध किसान की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी. मृतक की पहचान गांव के कपलेश्वर मिश्र के पुत्र जयराम मिश्र के रूप में हुई है. घटना रविवार देर शाम की बताई जा रही है. सूचना मिलते ही दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा और उजियारपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया.
आपके शहर में
चारा काटने गए थे खेत, शाम को मिला लहूलुहान शव
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के पुत्र दीपक कुमार मिश्र अपने परिवार के साथ रविवार को गंगा स्नान के लिए बेगूसराय के झमटिया घाट गए थे. इसी दौरान जयराम मिश्र घर के समीप अपने ओल के खेत में मवेशियों के लिए चारा काटने गए थे. वे एक बार चारा काटकर घर रख आए और दोबारा खेत गए, जिसके बाद देर शाम तक नहीं लौटे. परिजनों ने लौटने पर खोजबीन की तो खेत में उनका शव पड़ा मिला.
घटना से जुड़े प्रमुख बिंदु:
शरीर पर चोट के निशान: प्रथम दृष्टया मृतक के सिर पर वार के गहरे जख्म और गले पर दबाने के निशान पाए गए हैं.
- परिजनों का आरोप: परिजनों ने संवेदनशील अंगों पर चोट का हवाला देते हुए हत्या की स्पष्ट आशंका जताई है.
- सामाजिक पहचान: मृतक झाड़-फूंक करने के साथ ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते थे. उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा स्पष्ट खुलासा: पुलिस
भाजपा नेता सुनील चौधरी ने घटनास्थल का जायजा लेकर हत्या की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. वहीं उजियारपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है. परिजनों से आवेदन मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा.
ये भी पढ़ें: समस्तीपुर में प्रभारी मंत्री दामोदर रावत ने की विकास योजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए