एनएच-28 पर शराब लदी कार पलटी, बोतलें लेकर भागते दिखे लोग, पुलिस जांच में जुटी

Updated:
विज्ञापन

जब्त शराब के साथ पुलिस पदाधिकारी और वायरल वीडियो का स्नैपशॉट। | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

समस्तीपुर में एक सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार से 90 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद हुई है. घटना के बाद कार से शराब की बोतलें लूटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

समस्तीपुर: दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बैगन चौक के समीप एनएच-28 पर रविवार की दोपहर बारिश के दौरान शराब से लदी एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गयी. हादसे के बाद कार में शराब लदी होने की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. देखते ही देखते कई लोग कार से शराब की बोतलें और कार्टन निकालकर ले जाने लगे. बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने शराब के अधिकांश कार्टन लूट लिये.

विज्ञापन

पुलिस के पहुंचने से पहले शराब लेकर निकल गये लोग

घटना की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के पहुंचने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग शराब लेकर वहां से निकल चुके थे. पुलिस ने घटनास्थल से कुछ कार्टन शराब बरामद किये. इसके अलावा दुर्घटनाग्रस्त कार को भी कब्जे में लेकर थाना लाया गया.

बाद में कार की तलाशी और बरामद शराब की जांच के दौरान पुलिस ने कुल 90.360 लीटर विदेशी शराब बरामद की. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.

बरामद शराब की हो रही है मिलान और गिनती

थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम ने बताया कि बरामद शराब की मिलान और गिनती की जा रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि कार में कुल कितनी शराब लदी थी और पुलिस ने कितनी शराब बरामद की है.

उन्होंने बताया कि दुर्घटनास्थल के आसपास भी शराब की बरामदगी को लेकर छापेमारी की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के बाद कार से कितनी शराब गायब हुई.

कहां से लाई जा रही थी शराब, पुलिस कर रही जांच

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था. दुर्घटनाग्रस्त कार और बरामद शराब के आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटायी जा रही है.

मामले में थाना कांड संख्या 507/26 के तहत धारा 30(ए) बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद (संशोधित) अधिनियम, 2022 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

शराब लूटने वालों की भी पहचान में जुटी पुलिस

दुर्घटना के बाद शराब की बोतलें और कार्टन ले जाते लोगों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. वायरल वीडियो में लोग दुर्घटनाग्रस्त कार के आसपास जुटे नजर आ रहे हैं और शराब की बोतलें लेकर जाते दिख रहे हैं.

पुलिस शराब की लूट में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब बरामदगी, तस्करी और दुर्घटना के बाद शराब ले जाने की घटना, तीनों पहलुओं पर जांच जारी है.

यह भी पढ़ें

वांछित आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने घेरा, जवान पर हमला कर आरोपी को छुड़ाया

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन